गणपति बप्पा मोरयाः पेइचिंग में मराठी मित्रमंडल ने हर्षोल्लास से मनाया गणेशोत्सव

चीन की राजधानी पेइचिंग में 19 सितंबर को मराठी मित्रमंडल
द्वारा गणपति उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इंडियन रेस्टोरेंट ताज पैवेलियन में हुए भव्य कार्यक्रम में
मराठी समुदाय के लोगों के साथ-साथ पेइचिंग में रहने वाले
प्रवासी भारतीयों ने शिरकत की। गणपति को समर्पित इस
उत्सव में आस्था,संस्कृति और आपसी मेलजोल का संगम
दिखा,जिसमें नन्हे बच्चों से लेकर बड़े लोगों ने कार्यक्रम पेश
किए।

उत्सव की शुरुआत भगवान गणेश के पारंपरिक आगमन
(गणेश आगमन) के साथ हुई। वातावरण उस समय जोशपूर्ण
हो गया, जब बच्चों ने ढोल-ताशे की थाप पर महाराष्ट्र का
पारंपरिक लेज़िम बजाते हुए लयबद्ध तरीके से प्रस्तुति दी।
इस दौरान पारंपरिक रीति-रिवाज़ और आरती के साथ गणेश
की मूर्ति का स्वागत किया गया और गणपति बप्पा मोरया के
जयकारे गूंजे।

आरती के पश्चात,बच्चों ने संस्कृत श्लोक और पवित्र
गणेश अथर्वशीष का बहुत अच्छे और स्पष्ट तरीके से पाठ
किया। इसके उपरांत पेइचिंग मराठी मित्र मंडल के
आधिकारिक लोगो का अनावरण किया गया।

इस अवसर पर मंच सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जीवंत हो
उठा,जिसमें समुदाय के लोगों ने अपनी प्रतिभा का परिचय
दिया। उत्सव में 4 साल के बच्चों से लेकर बड़ों तक,सभी ने
पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रमों में गणेश-कार्तिकेय
की कहानी, भारतीय शास्त्रीय वादन और गायन,श्लोक पाठ,
कथक नृत्य,कॉमेडी ड्रामा स्किट और बॉलीवुड गणेश नृत्य व
गायन शामिल रहे।
उत्सव के मौके पर विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुईं।
जिनमें प्रतिभागियों की रचनात्मकता और भक्ति-भाव का
शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। श्लोक पाठ प्रतियोगिता में
कायरा फड़के को पहला स्थान,स्वजस ठकार को दूसरा और
रुएफस वू को तीसरा स्थान मिला।
जबकि गणेश कला प्रतियोगिता में छोटे बच्चों के ग्रुप में
माहिरा हिंगणे को पहला, कायरा फड़के को दूसरा और शौर्य

बजोरिया को तीसरा स्थान मिला। 8 साल से अधिक के उम्र
के बच्चों के ग्रुप में अनायरा हिंगणे,विरांष जय और नायरा
शर्मा क्रमशः पहले,दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। वहीं
रंगोली प्रतियोगिता में सृष्टि चोरडिया ने पहला,दीपिका
कक्कड़ ने दूसरा और आयुषी सुंगधी ने तीसरा स्थान हासिल
किया। प्रसाद बनाने की प्रतियोगिता में नायरा शर्मा
पहले,विरांष जैन दूसरे और चारु अरोड़ा तीसरे स्थान पर रहे।
इस दौरान पेइचिंग मराठी मित्र मंडल के वालंटियर्स
को‘स्पेशल रिकग्निशन अवॉर्ड्स’से सम्मानित किया गया।
जिसमें लोकप्रिय भारतीय रेस्टोरेंट ताज पैवेलियन के प्रमुख
मेहरनोश पस्ताकिया के अलावा महेश फड़के,नमिता फड़के
और सृष्टि चोरडिया को अवार्ड मिले। कार्यक्रम में दूतावास में
राजनयिक अधिकारी अभिषेक वर्मा समेत तमाम लोग मौजूद
रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात लोगों ने महाराष्ट्र के
पारंपरिक भोजन (महाप्रसाद) का आनंद लिया। इस तरह
विदेश में भारतीयों के बीच एकता और खुशी का माहौल देखने
को मिला। गणेशोत्सव का उत्तर पूजा के साथ समापन हुआ।
आखिर में गणेश विसर्जन हुआ और भक्तों ने प्रार्थना और

मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश को भावपूर्ण विदाई दी। मूर्ति
विसर्जन के दौरान‘गणपति बप्पा मोरया,पुढच्या वर्षी लवकर
या’की गूंज उठी। जो कि गणपति बप्पा से अगले साल
जल्द वापस आकर सभी पर कृपा करने की प्रार्थना होती है।
पेइचिंग मराठी मित्रमंडल(बीएमएमएम) की सक्रिय सदस्य
और गणेशोत्सव के आयोजन में अहम भूमिका निभाने वाली
केतकी ठकार ने अनिल पांडेय से बातचीत में कहा कि
गणेशोत्सव हमारे लिए सिर्फ एक त्योहार नहीं है,बल्कि यह
घर से दूर अपनों से जुड़ने और घर के अहसास का उत्सव
है। इस अवसर पर बच्चों के उत्साह और विदेशी मित्रों की
भागीदारी देखकर बहुत अच्छा लगा।
(अनिल पांडेय – चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version