ActoLife Baby Production Factory:महिलाओं को प्रसव पीड़ा से मिलेगी मुक्ति,अब फैक्ट्री में विकसित होंगे बच्चे!

ActoLife Baby Production Factory Female Children in labor pain relief factory

ActoLife Baby Production Factory: अब तक आपने कलपुर्जे और दूसरे जरुरी सामान फैक्ट्री में बनते देखे होंगे लेकिन क्या आपने कभी सोचा है बच्चे भी फैक्ट्री में बनेंगे। नहीं न…लेकिन ये असंभव कल्पना संभव होते नजर आने वाली है। बता दें 1999 में हॉलीवुड की एक फिल्म आई थी जिसका नाम मैट्रिक्स था। फिल्म में दिखाया गया था कि एक फैक्ट्री में इंसान पैदा किए जा रहे हैं। तब फिल्म ने दुनिया भर के लोगों को हैरान किया था। अब दुनिया में पहली बार बच्चा बनाने वाली फैक्ट्री को लेकर एक रिपोर्ट जारी की गई है। क्या है पूरा माजरा आइए जानते हैं

अब महिला गर्भ के बिना बच्चों को पैदा करना संभव होगा। ये दावा किया है वैज्ञानिक और फिल्ममेकर हाशम अल-घाइली ने। घाइली ने दावा किया है कि जल्द उनकी इक्टोलाइफ कंपनी में एक पॉड यानी एक तरह के मशीन में बच्चा पैदा करना संभव होगा। यानी EctoLife अब दुनिया की पहली कृत्रिम गर्भ सुविधा देने वाली फैक्ट्री बनेगी। यह उन मां बाप के लिए वरदान होगी जिनके बच्चे नहीं हो रहे हैं। एक्टोलाइफ सुविधा, नवीकरणनीय ऊर्जा पर काम करेगी।

50 साल से कर रहे थे साइंटिस्ट खोज

अल घाईली का कहना है दुनियाभर के साइंटिस्ट्स ने बीते 50 सालों में इस क्षेत्र में जो भी खोज की है। उन सभी को एक साथ मिलाकर आगे बढ़ाया गया है। इक्टोलाइफ कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर भी इसकी जानकारी साझा की है। जिसमें बताया है कि शुरुआत में इस प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए 75 लैब बनाए गए हैं। हर लैब में बच्चों को पैदा करने के लिए 400 बेबी पॉड लगाए गए हैं। पॉड्स को मां के गर्भ में मौजूद वातावरण के समान वातावरण प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। इससे मशीन के जरिए 30000 बच्चे पैदा होंगे। या ये कहे कि 30 हजार बच्चों को विकसित किया जाएगा।

देख सकेंगे कैसे हो रहे हैं बच्चे विकसित

एक स्क्रिन के जरिए पोड में बच्चे की ग्रोथ पर नजर रखी जाएगी। हाशम अल-घाइली का कहना है कहा कि प्रसव के समय बच्चे को एक बटन के जरिए हल्का धक्का देकर उस फली से निकाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि EctoLife आपको एक सुरक्षित और प्रसव पीड़ा से मुक्त बच्चा पैदा करने का विकल्प प्रदान करता है। जो आपको बिना तनाव के अपने बच्चे को जन्म देने में मदद करता है।

कर सकते हैं बच्चे का रंग और बुद्धि का चयन

हाशम अल-घाइली का दावा है कृत्रिम गर्भ से एमनियोटिक लिक्विड के बहने के बाद आप अपने बच्चे को ग्रोथ पॉड से आसानी से निकाल पाएंगे। इतना ही नहीं इस प्रक्रिया में माता-पिता अपने बच्चे की बुद्धि, लंबाई, उसके बाल, आंखों का रंग त्वचा की टोन का भी चयन कर सकते हैं।

महिला के गर्भ की तरह काम करेगा बेबी पॉड

दावा किया जा रहा है कि बेबी पॉड से बच्चेदानी के बिना बच्चा पैदा किया जा सकता है। इसको किसी महिला के गर्भ की तरह ही डिजाइन किया गया है। इसलिए आप इसे आर्टिफिशियल गर्भ कह सकते हैं। गर्भ में भ्रूण एक प्लेसेंटा के जरिए मां की शरीर से ऑक्सीजन ही नहीं पोषक तत्व और हार्मोन भी हासिल करता है। इतना ही नही बच्चा गर्भ में कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ता है जो मां के खून में मिल बाहर निकल जाती है। गर्भ में भ्रूण के लिए एक निश्चित तापमान और वातावरण भी होता है। इसी तरह बेबी पॉड में भी महिला के गर्भ की तरह ही भ्रूण को पलने और बढ़ने में मदद मिलेगी। बेबी पॉड में आधुनिक सेंसर लगाए हैं। जिसे एक ऐप से कनेक्ट कर रियल टाइम स्किन, धड़कन, टेंपरेचर, हार्टबीट, ऑक्सीजन लेवल, ब्लड प्रेशर, ब्रीदिंग रेट, दिल, दिमाग, किडनी, लिवर और शरीर के बाकी अंगों की निगरानी की जा सकेगी।

Exit mobile version