ऑक्शन में सनराइजर्स लीड्स ने लगाई बड़ी बोली
इंग्लैंड की मशहूर टी20 लीग The Hundred के हालिया प्लेयर ऑक्शन में एक ऐसा फैसला सामने आया जिसने क्रिकेट फैंस के बीच बहस छेड़ दी। भारतीय कारोबारी समूह Sun Group की फ्रेंचाइजी Sunrisers Leeds ने पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज Abrar Ahmed को अपनी टीम में शामिल कर लिया। रिपोर्ट के मुताबिक फ्रेंचाइजी ने उन्हें 1.90 लाख पाउंड (करीब 2.34 करोड़ रुपये) में खरीदा।
ट्रेंट रॉकेट्स से हुई कड़ी टक्कर
ऑक्शन के दौरान अबरार अहमद को खरीदने के लिए Sunrisers Leeds और Trent Rockets के बीच जबरदस्त बोली लगी। आखिरकार सनराइजर्स लीड्स ने ज्यादा रकम देकर इस पाकिस्तानी स्पिनर को अपने साथ जोड़ लिया। यह डील इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि वह किसी भारतीय मालिक वाली फ्रेंचाइजी से जुड़ने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए हैं।
भारत-पाक तनाव के बीच बड़ा फैसला
दरअसल भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से राजनीतिक तनाव के कारण Indian Premier League की फ्रेंचाइजियों ने 2009 के बाद से पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल नहीं किया है। इसी वजह से माना जाता था कि भारतीय मालिकों की टीमों में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को मौका मिलना मुश्किल है, लेकिन इस ऑक्शन के बाद यह धारणा कुछ हद तक टूटती नजर आई।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
सन ग्रुप की टीम द्वारा अबरार अहमद को खरीदने के बाद सोशल मीडिया पर इस फैसले को लेकर बहस शुरू हो गई। कुछ फैंस ने इसे क्रिकेट के नजरिए से सही फैसला बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसकी आलोचना भी की। ऑक्शन के दौरान टीम की मालकिन Kavya Maran भी मौजूद थीं।
कई टी20 लीग में टीमों का मालिक है सन ग्रुप
Sun Group सिर्फ इंग्लैंड की इस लीग में ही नहीं, बल्कि दुनिया की कई टी20 लीग में टीमों का मालिक है। यह समूह Sunrisers Hyderabad का मालिक भी है, जो Indian Premier League में खेलती है। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका की SA20 लीग में Sunrisers Eastern Cape भी इसी ग्रुप की टीम है। पिछले साल इस ग्रुप ने Northern Superchargers फ्रेंचाइजी का नियंत्रण लिया था, जिसके बाद टीम का नाम बदलकर सनराइजर्स लीड्स कर दिया गया।
उस्मान तारिक को भी मिली टीम
इस ऑक्शन में अबरार अहमद से पहले पाकिस्तान के खिलाड़ी Usman Tariq को भी खरीदा गया। उन्हें Birmingham Phoenix ने 1.40 लाख पाउंड (करीब 1.72 करोड़ रुपये) में अपनी टीम में शामिल किया।
जुलाई से शुरू होगा नया सीजन
The Hundred का नया सीजन 21 जुलाई से शुरू होकर 16 अगस्त तक खेला जाएगा। अब क्रिकेट फैंस की नजर इस बात पर रहेगी कि अबरार अहमद इस लीग में कैसा प्रदर्शन करते हैं और क्या यह फैसला भविष्य में अन्य फ्रेंचाइजियों की रणनीति को भी प्रभावित करेगा।





