भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित गौपालक सम्मेलन में कांग्रेस पर निशाना साधा। शाह ने कहा कि कांग्रेसी सरकार का विरोध करते हैं, लेकिन आज वे अपना हिसाब देने आए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के कार्यकाल में देश में दूध उत्पादन और प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता में हुई बढ़ोतरी के आंकड़े भी गिनाए।
10 साल में दूध उत्पादन में करीब 70% बढ़ोतरी
अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2014-15 में देश में दूध उत्पादन करीब 14.6 करोड़ टन था, जो 2024-25 में बढ़कर करीब 24.8 करोड़ टन हो गया। यानी दस साल में दूध उत्पादन में करीब 70 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में सबसे ज्यादा दूध उत्पादन करने वाला देश बना हुआ है। शाह ने बताया कि 2013-14 में देश में प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता 307 ग्राम प्रतिदिन थी, जो अब बढ़कर 485 ग्राम प्रतिदिन हो गई है। उन्होंने डेयरी और सहकारी क्षेत्र के विस्तार को इसका आधार बताया।
MP में ‘श्वेत क्रांति 2.0’ का लक्ष्य
सम्मेलन में मध्यप्रदेश में दूध उत्पादन को बढ़ाने के लिए 50 लाख लीटर प्रतिदिन का लक्ष्य रखा गया। शाह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनकी टीम की गौपालकों के हित में किए जा रहे कार्यों के लिए सराहना की। उन्होंने उज्जैन में 255 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले प्रतिदिन 3 लाख लीटर क्षमता के दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का वर्चुअल भूमिपूजन किया। इसके अलावा भोपाल में 16.5 करोड़ रुपए की लागत से बने 40 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले प्रोडक्ट डेयरी प्लांट और 12.42 करोड़ रुपए की लागत से तैयार राज्यस्तरीय केंद्रीय गुणवत्ता प्रयोगशाला का लोकार्पण किया। शिवपुरी में 6.5 करोड़ रुपए के मिनी डेयरी प्लांट के सुदृढ़ीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में पांच गौपालक दीदियों का सम्मान किया गया और डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र दिए गए। सम्मेलन के दौरान भोपाल में नगर वन विकसित करने के लिए केआरआईबीएचओ और मध्यप्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड के बीच एमओयू भी हुआ।





