Women Safety in Delhi: दिल्ली के कंझावला कांड को 18 दिन मात्र बीते हैं, जब अंजलि को दिल्ली के बाहरी इलाके सुल्तानपुरी में कुछ शराब पिए युवकों ने अपनी गाड़ी के नीचे होने के बावजूद 10 किलोमीटर तक घसीटा था। महिला सुरक्षा को लेकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल (Swati Maliwal) कल रात दिल्ली की सड़कों पर निकली थीं।
उनका मकसद ये जानना था कि कंझावला कांड के दो हफ्तों से ज्यादा बीतने के बाद क्या दिल्ली में महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं? दिल्ली में अंजलि की मौत की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं है कि इस बार दिल्ली महिला आयोग की मुखिया स्वाति मालीवाल को कार ने घसीटा है, जिसमें वह बाल-बाल बच गई हैं। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को एम्स गेट नंबर 2 के पास बुधवार देर रात एक कार चालक ने 10-15 मीटर तक घसीटा और उनके साथ कथित छेड़खानी भी की। दिल्ली पुलिस ने इसकी साथ ही स्वाति मालीवाल ने भी ट्वीट कर घटना की पुष्टि की है।
स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया, ‘कल देर रात मैं दिल्ली में महिला सुरक्षा के हालात इंस्पेक्ट कर रही थी। एक गाड़ी वाले ने नशे की हालत में मुझसे छेड़छाड़ की और जब मैंने उसे पकड़ा तो गाड़ी के शीशे में मेरा हाथ बंद कर मुझे घसीटा। भगवान ने जान बचाई।’
इस घटना पर राष्ट्रीय महिला आयोग की भी नजर
इस मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए कहा है कि दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल को एम्स गेट 2 के सामने एक कार से घसीटने की मीडिया रिपोर्ट देखी है। इसमें वो कार की खिड़की में फंस जाती हैं। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया गया है।
क्या बोलीं स्वाति मालीवाल?
इस मामले पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल का कहना है कि दिल्ली के अंदर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके साथ भी अंजलि जैसी घटना हो सकती थी, लेकिन उनको भगवान ने बचा लिया। मालीवाल ने कहा कि वह डरने वाली नहीं हैं। घटना के संबंध में दिल्ली पुलिस ने एक आदमी को पकड़ा है।





