अलविदा 2025: साल 2025 भारत के इतिहास में एक ऐसे वर्ष के रूप में दर्ज हो गया जिसने देशवासियों को कभी गर्व से भर दिया तो कभी गहरे शोक में डुबो दिया। साल 2025 विदा ले रहा है ऐसे में पीछे देखें तो यह साल उपलब्धियों, त्रासदियों, राजनीतिक उलटफेर, कूटनीतिक मजबूती और सुरक्षा चुनौतियों का मिश्रण भी रहा। 2025 हमें सिखा गया कि सतर्कता, जवाबदेही और एकजुटता ही आगे का रास्ता है। आइये नजर डालते उन घटनाओं पर जो साल के अंत में भी खास बनी हुईं हैं।
प्रयागराज महाकुंभ भगदड़
13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ 2025 को दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन कहा गया। 66 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई। डिजिटल व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और वैश्विक भागीदारी की सराहना भी हुई। लेकिन 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के दिन अमृत स्नान के दौरान मची भगदड़ ने इस ऐतिहासिक आयोजन पर एक गहरा दाग छोड़ दिया। करीब 40 लोगों की मौत और दर्जनों के घायल होने से पूरा देश स्तब्ध रह गया।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़
15 फरवरी 2025 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदले जाने से भगदड़ मच गई। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई। इस घटना ने रेलवे और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में लापरवाही को उजागर कर दिया।
अहमदाबाद विमान हादसा
12 जून 2025 को अहमदाबाद में एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भयावह हादसे में 241 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया। मृतकों में भारतीयों के साथ-साथ विदेशी नागरिक भी शामिल थे। यह हादसा पूरे देश के लिए गहरे सदमे का कारण बना।
आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
पहलगाम आतंकी हमला
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले ने देश को हिला दिया। इस हमले में 26 निर्दोष सैलानियों की मौत हुई। आतंकियों ने धर्म पूछकर गोलीबारी की, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन ने ली।
ऑपरेशन सिंदूर: भारत का दम
पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने फरवरी 2025 में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया। यह उरी और बालाकोट के बाद पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ा सैन्य एक्शन माना गया। इस ऑपरेशन में सीमा पार स्थित आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद किया गया और 125 से अधिक आतंकवादी मारे गए। भारत ने साफ संदेश दिया कि आतंक के खिलाफ उसकी नीति जीरो टॉलरेंस की है। सीजफायर को लेकर अंतरराष्ट्रीय दावे और देश के भीतर राजनीतिक बहस भी चली, लेकिन भारत सरकार ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर केवल स्थगित है, समाप्त नहीं।
पहलागाम हमले के बाद भारत ने पहील बार पाकिस्तान को सीधा संदेश भेजा है। भारत ने अपने संदेश में पाकिस्तान के लिए चेतावनी जारी की है। पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर कर आतंकी ठिकानों को नष्ट किया। आपरेशन सिदूंर Operation Sindoor के साथ साथ भारत ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को खत्म कर दिया।
दिल्ली लाल किला आतंकी हमला
19 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किले के पास हुए आतंकी धमाके ने राजधानी की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। इस हमले में 12 लोगों की मौत हुई। आरोपियों की गिरफ्तारी ने जांच एजेंसियों को कई चौंकाने वाले खुलासों तक पहुंचाया।
राजनीति और व्यवस्था में बड़े मोड़
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा
21 जुलाई 2025 को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का अचानक इस्तीफा देश की राजनीति में अभूतपूर्व घटना रहा। स्वास्थ्य कारणों का हवाला देने के बाद उनकी सार्वजनिक गैर-मौजूदगी पर लंबे समय तक सवाल उठते रहे। सितंबर में नए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के पदभार संभालने के बाद मामला शांत हुआ।
SIR और चुनाव आयोग पर बहस
विधानसभा चुनावों से पहले बिहार में शुरू हुआ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) विवाद पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया। वोटर लिस्ट सुधार को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने रहे। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा भी सुर्खियों में रही।
नई जीएसटी व्यवस्था
22 सितंबर 2025 से देशभर में नई जीएसटी दरें लागू की गईं। दो मुख्य टैक्स स्लैब—5% और 18%—तय किए गए, जबकि लग्जरी सेवाओं पर 40% तक टैक्स लगाया गया। इसे अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा सुधार माना गया।
कूटनीति और वैश्विक मंच पर भारत
मोदी–पुतिन की ऐतिहासिक मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात 2025 की सबसे चर्चित कूटनीतिक घटनाओं में रही। पीएम मोदी का प्रोटोकॉल तोड़कर खुद पुतिन को एयरपोर्ट पर रिसीव करना भारत–रूस रिश्तों की गहराई को दर्शाता है।
2030 तक आर्थिक सहयोग बढ़ाने के समझौतों ने भारत की वैश्विक भूमिका को और मजबूत किया।
खेल के मैदान से गर्व की खबर
महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2 नवंबर 2025 को पहली बार आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराया। यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण बनी।
अलविदा 2025
साल 2025 उम्मीद, गर्व और उपलब्धियों के साथ-साथ दर्द, त्रासदी और सबक भी दे गया। भगदड़, आतंकी हमले और हादसों ने व्यवस्था और सुरक्षा पर सवाल खड़े किए, तो ऑपरेशन सिंदूर, कूटनीतिक मजबूती और खेल की उपलब्धियों ने भारत के संकल्प और सामर्थ्य को दुनिया के सामने रखा। 2025 हमें सिखा गया कि सतर्कता, जवाबदेही और एकजुटता ही आगे का रास्ता है। अब उम्मीद है कि 2026 इन अनुभवों से सीख लेकर भारत को और मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध बनाएगा। इसी उम्मीद के साथ—अलविदा 2025।





