1 अगस्त 2025 से कई अहम नियम बदलने जा रहे हैं जो सीधे आपकी जेब, बैंकिंग और रोज़मर्रा की ज़िंदगी को प्रभावित करेंगे। इनमें UPI से जुड़े ट्रांजेक्शन नियम, ऑटो पे की समयसीमा, क्रेडिट कार्ड से मिलने वाले फायदे और LPG की संभावित नई दरें शामिल हैं। इसके साथ ही RBI की अगली MPC बैठक का असर आपके लोन और EMI पर पड़ सकता है। आइए जानते हैं इन बदलावों की पूरी जानकारी और उनका क्या होगा असर…
UPI से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव
1 अगस्त से UPI यूजर्स केवल 50 बार प्रतिदिन ही बैलेंस चेक कर सकेंगे। यदि आपके पास कई UPI ऐप्स (जैसे PhonePe, Google Pay, Paytm) हैं, तो हर ऐप पर 50 बार लिमिट लागू होगी।
इसके अलावा, अब जब आप किसी खाते में UPI से पेमेंट करेंगे, तो लाभार्थी का पूरा नाम दिखाई देगा। इसका उद्देश्य UPI धोखाधड़ी को रोकना है और यूजर्स को ट्रांजेक्शन से पहले पुष्टि का मौका देना है।
Auto Pay मोड में समय सीमाएं तय
अब ऑटो पेमेंट्स के प्रोसेसिंग टाइम में भी बदलाव कर दिया गया है।
नए नियमों के अनुसार, ऑटो पेमेंट्स अब सिर्फ 3 स्लॉट में प्रोसेस होंगे:
सुबह 10 बजे से पहले
दोपहर 1 से 5 बजे के बीच
रात 9:30 बजे के बाद
साथ ही, ट्रांजेक्शन स्टेटस को आप एक बार में केवल 3 बार ही देख पाएंगे, वह भी 90 सेकंड के अंतराल पर।
SBI क्रेडिट कार्ड से खत्म होगा 1 करोड़ का फ्री इंश्योरेंस
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने अपने कई सह-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड्स पर मिलने वाला 1 करोड़ रुपये का हवाई दुर्घटना बीमा बंद करने का ऐलान किया है।
जिन कार्ड्स पर यह सुविधा बंद होगी उनमें शामिल हैं:
यूको बैंक एसबीआई कार्ड एलीट
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया एसबीआई कार्ड एलीट
केवीबी एसबीआई कार्ड एलीट
इलाहाबाद बैंक एसबीआई कार्ड एलीट
यूजर्स को सलाह है कि वे वैकल्पिक बीमा कवर की योजना बनाएं
LPG सिलेंडर के दाम में हो सकता है बदलाव
हर महीने की तरह 1 अगस्त को भी एलपीजी गैस की कीमतों की समीक्षा की जाएगी। हालांकि अभी तक नई कीमतों की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन बदलाव की पूरी संभावना है। यदि कीमतें बढ़ती हैं तो रसोई बजट पर सीधा असर पड़ेगा, और अगर घटती हैं तो यह राहत की खबर होगी।
RBI की MPC बैठक का असर
भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 4 से 6 अगस्त 2025 के बीच हो सकती है। इस दौरान रेपो रेट में बदलाव को लेकर निर्णय लिया जाएगा। अगर रेपो रेट बढ़ती है तो होम लोन, पर्सनल लोन जैसी EMI भी महंगी हो जाएगी। इसलिए इस मीटिंग पर आम आदमी की सीधी नजर बनी रहेगी।





