Mamata Banerjee : ममता बनर्जी का विरोध मार्च, BJP शासित राज्यों पर निशाना बंगालियों के उत्पीड़न के खिलाफ कोलकाता में TMC का प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कोलकाता में एक बड़े विरोध मार्च का नेतृत्व किया। इसमें उनके साथ टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी, पार्टी के वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता भी शामिल हुए। यह मार्च भाजपा शासित राज्यों में बंगाली भाषी लोगों के कथित उत्पीड़न के खिलाफ निकाला गया। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी की सरकारें कुछ राज्यों में बंगालियों के साथ भेदभाव और अपमानजनक व्यवहार कर रही हैं।
बंगाली अस्मिता पर सियासी वार
ममता ने मार्च के दौरान केंद्र और बीजेपी शासित राज्यों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “बंगालियों की भाषा, संस्कृति और पहचान को मिटाने की साजिश हो रही है। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।” टीएमसी ने दावा किया कि असम, त्रिपुरा और दिल्ली जैसे राज्यों में बंगाली समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। पार्टी ने इसे “सांस्कृतिक हमला” बताते हुए राष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे को उठाने की चेतावनी दी।
भाजपा का पलटवार
वहीं भाजपा ने ममता के आरोपों को राजनीतिक नौटंकी करार दिया है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि टीएमसी राज्य में अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के मुद्दे उठा रही है। पार्टी ने बंगाल सरकार से पूछा है कि वह पहले अपने राज्य में कानून-व्यवस्था सुधारें, जहां खुद विपक्षी नेताओं और आम लोगों पर हमले हो रहे हैं।





