पूर्वोत्तर चीन के चिलिन प्रांत की राजधानी छांगछुन में साल 2027 में 33वें विश्व विश्वविद्यालय
शीतकालीन खेल (विंटर यूनिवर्सियाड) आयोजित होने जा रहे हैं। इसी आयोजन को लेकर इटली के
उत्तरी शहर ट्यूरिन में स्थानीय समयानुसार 8 अक्टूबर की दोपहर ज्वाला संग्रहण समारोह
आयोजित किया गया, जहां आधिकारिक ज्वाला को सफलतापूर्वक प्रज्वलित कर एकत्र किया गया।
समारोह के दौरान सबसे पहले मुख्य ज्वाला पात्र को प्रज्वलित किया गया, जिसके बाद इस पवित्र
ज्योति को छांगछुन विंटर यूनिवर्सियाड के विशेष ज्वाला दीपक में स्थानांतरित किया गया। तय
कार्यक्रम के अनुसार, अब इस ज्वाला को सम्मानपूर्वक चीन लाया जाएगा।
गौरतलब है कि ट्यूरिन का विश्वविद्यालय खेलों से बहुत पुराना और गहरा नाता रहा है। इस शहर
ने 1959 में पहले विश्वविद्यालय ग्रीष्मकालीन खेलों की मेजबानी की। इसके अलावा, साल 2018
से ट्यूरिन अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय खेल महासंघ (FISU) की "ज्ञान की ज्वाला" (Flame of
Knowledge) का स्थायी निवास स्थल भी है। यही वजह है कि मेजबान शहरों का ट्यूरिन जाकर
ज्वाला एकत्र करना अब यूनिवर्सियाड की एक ऐतिहासिक परंपरा बन चुका है।
आपको बता दें कि छांगछुन विंटर यूनिवर्सियाड का आयोजन 15 से 25 जनवरी 2027 तक किया
जाएगा। इसकी संयुक्त मेजबानी चिलिन प्रांत के दो प्रमुख शहरों छांगछुन और चिलिन के पास है।
10 दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में 12 अलग-अलग खेलों की कुल 97 प्रतिस्पर्धाएं होंगी,
जिनमें इस बार नया शामिल किया गया शीतकालीन क्रॉस-कंट्री दौड़ भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)





