ठाणे हादसे में 17 श्रमिकों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख,किया मुआवजे का एलान

Thane accident

महाराष्ट्र के ठाणे में उस समय एक बड़ा हादसा हो गया जब शाहपुर के पास एक गर्डर लॉन्चिंग मशीन गिर गई। इससे 17 लोगों की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रुप से घायल हैं। वहीं 6 लोगों अब भी मलबे में दबे होने की जानकारी सामने आ रही है। शाहपुर पुलिस ने बताया कि समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे के तीसरे चरण का निर्माण किया जा रहा है। पुल तैयार करने में हेवी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी बीच 100 फीट की ऊंचाई से गर्डर मशीन गिर गई।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे निर्माण के तीसरे चरण के दौरान एक क्रेन मंगलवार को पुल के एक स्लैब की पट्टी पर गिर गई। इस हादसे में अब तक 17 श्रमिकों की मौत हो गई। तीन अन्य लोग घायल हो गए। पीएम नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र में समृद्धि एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान पुल के स्लैब पर क्रेन गिरने से हुई श्रमिकों की मौत पर शोक जताया है। इतना ही नहीं उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की राशि दिए जाने की घोषणा की है।

सीएम शिंदे बोले यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना

हादसे के बाद महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि “यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5 – 5 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। बता दें यहां स्विट्जरलैंड की एक कंपनी निर्माण कार्य कर रही थी। सीएम ने इस हादसे की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। वही हादसे के बाद NDRF की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरु किया। सीएम ने कहा संबंधित विभाग के अधिकारी और मंत्री भी मौके पर मौजूद हैं। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा इस घटना की विशेषज्ञों से जांच कराने के आदेश दिए हैं। डिप्टी सीएम फडणवीस ने हादसे में श्रमिकों के मारे जाने पर शोक भी जताया। हादसे का कारण बनी क्रेन एक विशेष प्रयोजन वाली ‘मोबाइल गैन्ट्री क्रेन’ थी। जिसका उपयोग पुल निर्माण और राजमार्ग निर्माण परियोजनाओं में पूर्वनिर्मित डिब्बानुमा पुल की डाट लगाने के लिए किया जाता था।।

पीएम मोदी ने दिसंबर 2022 में किया था उद्घाटन

बता दें नागपुर को शिरडी से जोड़ने वाले इसके पहले चरण का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिसंबर 2022 में किया था। पहले चरण के तहत 520 किलोमीटर लंबा मार्ग बनाया गया। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बीते 26 मई को इगतपुरी तालुका के भारवीर गांव से शिरडी तक समृद्धि महामार्ग के 80 किलोमीटर लंबे दूसरे चरण का उद्घाटन किया था। इससे पहले सीएम शिंदे ने मई में कहा था कि तीसरा और आखिरी चरण इस साल दिसंबर के अंत तक पूरा हो जाएगा। बता दें समृद्धि महामार्ग को हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग के नाम से जाना जाता है। यह मुंबई और नागपुर को जोड़ने वाला 701 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे है। इससे नागपुर,वर्धा, वाशिम,अहमदनगर, औरंगाबाद,बुलढाणा, अमरावती, नासिक,जालना और ठाणे सहित 10 जिले जुड़ते हैं।

Exit mobile version