14वें जन्मदिन से 25 दिन पहले 13 वर्षीय यू ज़ीती ने 21 सितंबर को
टोक्यो एक्वेटिक्स सेंटर में 2026 आइची-नागोया एशियाई खेलों की महिला
200 मीटर व्यक्तिगत मेडले स्पर्धा के फाइनल में 2 मिनट 06.10 सेकंड का
समय लेकर एशियाई रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह एक वर्ष के भीतर इस स्पर्धा
में उनका दूसरा एशियाई रिकॉर्ड है।
फाइनल में, उनकी साथी और गत चैंपियन यू यिथिंग पहले 150 मीटर तक
आगे रहीं, लेकिन यू ज़ीती ने अंतिम 50 मीटर की फ्रीस्टाइल दौड़ में अंतिम
चरण की शानदार स्प्रिंट के दम पर बढ़त हासिल कर ली। यह प्रदर्शन इस
स्पर्धा के इतिहास का दूसरा सर्वश्रेष्ठ समय है, जो विश्व रिकॉर्ड धारक
मैकिंटोश के 2 मिनट 05.70 सेकंड के बाद आता है।
नवंबर 2025 में, यू ज़ीती ने चीनी राष्ट्रीय खेलों में 2 मिनट 07.41 सेकंड
का समय निकालकर 13 वर्ष पुराना एशियाई रिकॉर्ड(2 मिनट 07.57 सेकंड)
तोड़ा था। जून 2026 में, यू यिथिंग ने 2 मिनट 06.82 सेकंड के साथ रिकॉर्ड
अपने नाम किया। तीन महीने बाद, यू ज़ीती ने टोक्यो में फिर से रिकॉर्ड
तोड़ दिया। दोनों ने एक वर्ष के भीतर इस स्पर्धा के एशियाई रिकॉर्ड में
1.47 सेकेंड का सुधार किया।
एशियाई खेलों में दो स्वर्ण पदक जीतना, यह तो बस एक शुरुआत है।"
यू ज़ीती ने प्रतियोगिता के बाद कहा। यू यिथिंग ने कहा कि एशियाई
रिकॉर्ड को लगातार तोड़ने से ही हम विश्व रिकॉर्ड के बारे में सोच सकते
हैं, और 2028 ओलंपिक में मैकिंटोश जैसे अन्य उत्कृष्ट खिलाड़ियों को
चुनौती दे पाएंगे।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)