यूसुफ पठान के गुजरात वाले घर पर बुलडोजर का खतरा, UAE में भी विला… जानिए कितनी है कुल संपत्ति
क्रिकेट से राजनीति तक का सफर और अब कानूनी मुश्किलें
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर और पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद यूसुफ पठान एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी गुजरात की संपत्ति है। वडोदरा जिले के तंदलजा इलाके में उनके बंगले पर अब बुलडोजर चलने का खतरा मंडरा रहा है। गुजरात हाईकोर्ट ने जमीन विवाद से जुड़ी उनकी याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने साफ कहा कि जिस प्लॉट पर यूसुफ पठान ने कब्जा किया है, वह नगर निगम की संपत्ति है और इसे खाली करना ही होगा। यानी अब वडोदरा नगर निगम किसी भी समय कार्रवाई कर सकता है।
जमीन विवाद: कैसे शुरू हुआ मामला?
यह विवाद कोई नया नहीं है। साल 2012 में वडोदरा नगर निगम ने यूसुफ पठान को एक प्लॉट आवंटित करने का प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार को भेजा था। लेकिन 2014 में गुजरात सरकार ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया। इसके बावजूद यूसुफ पठान पर आरोप है कि उन्होंने उस प्लॉट पर कब्जा कर लिया और वहां चारदीवारी और मवेशियों के लिए शेड बना दिया। इस मामले को बीजेपी से जुड़े पूर्व पार्षद विजय पवार ने उठाया था। अब हाईकोर्ट के फैसले ने यूसुफ की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालांकि खबर है कि वह इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जा सकते हैं।
2024 में पहली बार बने सांसद
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद यूसुफ पठान ने 2024 में राजनीति में कदम रखा। उन्होंने पश्चिम बंगाल की बरहामपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी को कड़े मुकाबले में हराकर सांसद बने। राजनीति में आने से पहले उन्होंने अपना चुनावी हलफनामा दाखिल किया था, जिसमें उनकी करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ।
चुनावी हलफनामे के अनुसार कितनी है यूसुफ पठान की संपत्ति?
- कैश: यूसुफ के पास 1,41,977 रुपये, पत्नी के पास 15,678 रुपये।
- कुल चल संपत्ति: 24.06 करोड़ रुपये से अधिक।
- कुल अचल संपत्ति: 14.57 करोड़ रुपये से अधिक।
- कुल देनदारी: 11.96 करोड़ रुपये से अधिक।
कार और कीमती जेवरात
- 2012 मॉडल की हुंडई वरना (कीमत 10 लाख रुपये)।
- 2019 मॉडल की टोयोटा फॉर्च्यूनर (कीमत 35.30 लाख रुपये)।
- जेवरात: 10.52 लाख के हीरे और 1.85 करोड़ के सोने-चांदी के आभूषण।
भारत और विदेश में संपत्ति
- वडोदरा में 7 एकड़ से अधिक कृषि भूमि (50% हिस्सेदारी)।
- वडोदरा में 2 कमर्शियल इमारतें (कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये, साझेदारी में)।
- वडोदरा के तंदलजा इलाके में आवासीय घर (25% हिस्सेदारी, कीमत लगभग 7.50 करोड़ रुपये)।
- UAE में एक विला, जिसमें 50% हिस्सेदारी (कीमत 1.65 करोड़ रुपये)।
कर्ज और देनदारी
यूसुफ पठान पर सबसे बड़ा कर्ज उनके भाई और पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान का है। उन्होंने उनसे 7.42 करोड़ रुपये से अधिक उधार लिया है। इसके अलावा अन्य लोगों से भी करीब 88 लाख रुपये का कर्ज है। क्रिकेट के मैदान पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर यूसुफ पठान राजनीति में एंट्री के बाद पहली बार सांसद बने, लेकिन अब वह कानूनी और आर्थिक विवादों में उलझ गए हैं। वडोदरा में उनके घर और जमीन पर बुलडोजर का खतरा है। साथ ही उनकी करोड़ों की संपत्ति और करोड़ों का कर्ज चर्चा का विषय बन गया है। प्रकाश कुमार पांडेय