9 सितंबर को चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव और चीनी राष्ट्रपति शी
चिनफिंग ने डेमोक्रेटिक पीपल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया (डीपीआरके) की श्रमिक पार्टी के महासचिव
और राज्य मामलों की परिषद के अध्यक्ष किम जोंग-उन को डीपीआरके के 78वें राष्ट्रीय दिवस के
अवसर पर बधाई संदेश भेजा।
शी चिनफिंग ने कहा कि डीपीआरके श्रमिक पार्टी के नेतृत्व में पिछले 78 वर्षों के दौरान देश की
जनता ने एकजुट होकर अपने प्रयासों से समाजवाद के सभी क्षेत्रों में मजबूत विकास को बढ़ावा देने
के लिए संघर्ष किया है। खास तौर पर, हाल के वर्षों में महासचिव किम जोंग-उन ने डीपीआरके की
पार्टी और जनता का नेतृत्व करते हुए आर्थिक और सामाजिक विकास को आगे बढ़ाने के लिए हर
संभव प्रयास किया है और कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। चीन इन उपलब्धियों से
प्रसन्न है। उन्होंने कहा कि चीन को विश्वास है कि डीपीआरके की जनता श्रमिक पार्टी की 9वीं कांग्रेस
में तय किए गए लक्ष्यों और कार्यों को पूरा करेगी और पार्टी तथा देश के निर्माण में लगातार नई
उपलब्धियां हासिल करेगी।
अपने बधाई संदेश में शी चिनफिंग ने यह भी कहा कि चीन और डीपीआरके मित्रवत समाजवादी
पड़ोसी देश हैं, जो एक-दूसरे का समर्थन करते हैं और साझा भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं। चीन-
डीपीआरके संबंधों को बनाए रखना, मजबूत करना और विकसित करना हमेशा चीनी कम्युनिस्ट
पार्टी और सरकार की अटल नीति रही है।
उन्होंने आगे कहा कि इस वर्ष जून में उन्होंने डीपीआरके की राजकीय यात्रा की और महासचिव किम
जोंग-उन से दोबारा मुलाकात की। इस मुलाकात से दोनों देशों की पार्टियों और दोनों देशों के बीच
संबंधों के विकास में एक नया अध्याय खुला है।
शी चिनफिंग ने कहा कि वह महासचिव किम जोंग-उन के साथ मिलकर दोनों पार्टियों और देशों के
बीच संबंधों के रणनीतिक मार्गदर्शन को मजबूत करना चाहते हैं। साथ ही, दोनों देशों के विकास को
बढ़ावा देने और दोनों देशों की जनता के कल्याण तथा आपसी मित्रता को लगातार मजबूत करने के
लिए तैयार हैं, ताकि क्षेत्रीय और वैश्विक शांति, स्थिरता, विकास और समृद्धि में और अधिक
योगदान दिया जा सके।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)