विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का संदेश
पेड़ लगाएं, प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाएं: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से जारी अपने संदेश में कहा कि पेड़-पौधे, नदियां, पर्वत और वन्य जीव हमारे जीवन के आधार हैं। प्रकृति का संतुलन बनाए रखना मानव अस्तित्व के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा ने सदियों से प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने का मार्ग दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने, जल स्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनानी चाहिए तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
डॉ. यादव ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण उपलब्ध कराने के लिए आज से ही ठोस कदम उठाने होंगे। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी ही प्रदेश और देश को हरित एवं समृद्ध बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।