पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने बड़ा ऐलान करते हुए राज्य की दो अहम योजनाओं को तय समय से पहले लागू कर दिया है। ममता बनर्जी ने शनिवार को घोषणा की कि ‘बांग्लार युवा साथी’ और ‘भूमिहीन खेत मजदूर’ योजनाएं, जिन्हें पहले 1 अप्रैल से शुरू किया जाना था, अब 7 मार्च से ही लागू कर दी गई हैं। कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार जनता के हित में लगातार काम कर रही है और पश्चिम बंगाल कई जनकल्याणकारी योजनाओं में देश में नंबर-1 है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्य को बदनाम करने की कोशिश कर रही है और विभिन्न एजेंसियों का इस्तेमाल कर सरकार को परेशान किया जा रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री का धरना भी लगातार दूसरे दिन जारी रहा। Esplanade Metro Channel पर उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) के तहत वोटर लिस्ट से नाम हटाने के विरोध में 6 मार्च से धरना शुरू किया है। ममता ने आरोप लगाया कि वोटरों के नाम हटाने की कार्रवाई बंगाल को बांटने की साजिश है। धरने के दौरान ममता बनर्जी ने LPG गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर गैस सिलेंडर खत्म हो जाए और 21 दिन पहले बुकिंग करनी पड़े तो आम लोग क्या खाएंगे। ममता ने साफ कहा कि बंगाल डरने वाला नहीं है और सच्चाई सामने लाकर रहेगी।




