पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने बड़ा कदम उठाते हुए 291 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद इस लिस्ट को जारी करते हुए साफ कर दिया कि पार्टी इस बार भी पूरे दमखम के साथ मैदान में उतर रही है। उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग की 3 सीटों पर अनित थापा की अगुवाई वाली बीजीपीएम चुनाव लड़ेगी।
ममता बनर्जी ने घोषणा की कि वह इस बार भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगी। खास बात यह है कि उन्होंने नंदीग्राम सीट से दूरी बना ली है, जहां 2021 में उन्हें बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
टीएमसी ने नंदीग्राम सीट से पवित्रा कार्केई को टिकट दिया है, जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं। पवित्रा को शुभेंदु अधिकारी का करीबी माना जाता रहा है और उनकी एंट्री को सियासी तौर पर बड़ा संकेत माना जा रहा है।
उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह बीजेपी के पक्ष में काम कर रहा है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि टीएमसी इस चुनाव में 226 से ज्यादा सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगी।