देशभर में मॉनसून का कहर: दिल्ली-उत्तराखंड-बिहार में भारी बारिश की चेतावनी, नदियां उफान पर…..1 अगस्त 2025 का मौसम अपडेट: कई राज्यों में मूसलधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, आज जानिए तापमान और अलर्ट की स्थिति देश के कई हिस्सों में आज 1 अगस्त 2025 को भी मॉनसून की सक्रियता ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। शुक्रवार 1 अगस्त को भी उत्तर भारत से लेकर देश के पूर्वी और पश्चिमी राज्यों तक झमाझम बारिश का क्रम जारी है। देश की राजधानी दिल्ली के साथ ही देवभूमि उत्तराखंड,राजस्थान, यूपी, बिहार, झारखंड ही नहीं पश्चिम बंगाल में भारतीय मौसम विभाग IMD ने बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश, गर्मी से राहत
दिल्ली और NCR में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना बना हुआ है। बीते 24 घंटे में दिल्ली में लगातार 8 घंटे तक बारिश दर्ज की गई थी, जिससे तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग ने आज दिनभर हल्की बारिश की संभावना जताई है।
यूपी में 6 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
उत्तर प्रदेश में विशेष रूप से पूर्वी हिस्सों में आज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में भी बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 6 अगस्त तक कई क्षेत्रों में बारिश का दौर बना रहेगा। हालांकि, आज किसी भी जिले में भीषण बारिश का खतरा नहीं है।
आज के प्रमुख शहरों का तापमान (1 अगस्त 2025)
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
दिल्ली 32°C 27°C
मुंबई 29°C 28°C
कोलकाता 29°C 25°C
चेन्नई 37°C 27°C
लखनऊ 34°C 27°C
जयपुर 39°C 25°C
अहमदाबाद 33°C 26°C
पटना 32°C 26°C
रांची 33°C 28°C
देवभूमि उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में आज गरज और बिजली चमकने के साथ तेज बारिश हो सकती है। बीते कुछ दिनों से इन क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता बढ़ी है, जिससे भूस्खलन और जलभराव की आशंका जताई जा रही है। राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क कर दिया है।
बिहार में आने वाले पांच दिन भारी बारिश की आशंका
वहीं बिहार के कई जिलों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग की ओर से राजधानी पटना के साथ ही नालंदा, जहानाबाद, शेखपुरा, बेगूसराय, गया, भोजपुर, रोहतास, नवादा, बक्सर, भभुआ के अलावा औरंगाबाद जिले में भी तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी दी है। अगले चार से पांच दिनों तक बारिश का अलर्ट बरकरार रहेगा। लोगों को खुले में न जाने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
देश के अन्य राज्यों में भी सक्रिय है मानसून
राजस्थान: कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है, लेकिन आने वाले 48 घंटों में पूर्वी राजस्थान में तेज बारिश हो सकती है।
झारखंड और पश्चिम बंगाल: दोनों राज्यों में आज गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है।
महाराष्ट्र: मुंबई और कोंकण क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव देखा गया।
क्या करें, क्या न करें (सावधानियां)
बिजली गिरने की संभावना वाले क्षेत्रों में खुले स्थानों से बचें। बच्चों और बुजुर्गों को अनावश्यक बाहर न निकालें।
पहाड़ी इलाकों में यात्रा से पहले मौसम अपडेट जरूर लें। बिजली और पानी के संपर्क से बचें।
1 अगस्त 2025 को पूरे भारत में मॉनसून की बारिश ने लोगों को राहत भी दी है और चिंता भी बढ़ा दी है। जहां एक ओर गर्मी से निजात मिली है, वहीं दूसरी ओर जलभराव, भूस्खलन और वज्रपात के खतरे ने अलर्ट की स्थिति बना दी है। ऐसे में जरूरी है कि लोग सतर्क रहें और मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रकाश कुमार पांडेय





