देशभर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (लो-प्रेशर एरिया) ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 48 घंटों में यह सिस्टम और मजबूत होकर ओडिशा और पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ सकता है, जिससे कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो जाएंगी।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों तक पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी। इस दौरान कई इलाकों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, सिक्किम, असम, मेघालय और नागालैंड समेत 22 राज्यों में हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई है। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा भी बना हुआ है।
उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम
पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मानसून सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा। पूर्वी यूपी और बिहार में 17 से 21 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 19 जुलाई के बाद बारिश का दौर तेज हो सकता है।
दिल्ली में उमस का अलर्ट
राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन इससे गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में आंशिक बादल छाए रहने के साथ तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है।
मानसून ट्रफ से बदले हालात
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून ट्रफ का पूर्वी हिस्सा सामान्य स्थिति के करीब पहुंच गया है, जिससे पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों में बारिश बढ़ रही है। वहीं पश्चिमी और दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक सामान्य या कम बारिश होने का अनुमान है।