weather report today:’ठंडा’ रहेगा नए साल का जश्न,दिल्ली से लेकर उत्तर भारत तक शीतलहर,जल्द राहत मिलने के आसार नहीं

शीत लहर

‘देश की राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर भारत,  पंजाब,हरियाणा सहित कई राज्यों में इन दिनों शीतलहर चल रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की माने तो अगले चार दिनों तक इन इलाकों में शीतलहर से राहत नहीं मिलने आसार नजर नहीं आ रहे है। लोगों को ठिठुरन भरी ठंड में ही नए साल का जश्न मनाना होगा। क्योंकि दिसंबर के आखिरी हफ्ते में ठंड ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है।

मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई है। इन दिनों दिल्ली का न्यूनतम तापमान 3-4 डिग्री तक पहुंच चुका है। दूसरे राज्यों में भी पारा लगातार गोता लगा रहा है। शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। राज्य में अगले कुछ दिन कोहरे का सितम देखने को मिलेगी

कई राज्यों में कड़ाके की ठंड

मौसम विभाग का पूर्वानुमान बताता है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। पूरे राजस्थान  राजस्थान दोनों के न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। जिससे सुबह और रात के घंटों के दौरान सर्दी की ठिठुरन बढ़ेगी।

इसके अलावा पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे और कड़ाके की ठंड की स्थिति अभी और बढ़ सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में एक या दो स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना है तो पंजाब के कुछ हिस्सों और ओडिशा के कुछ हिस्सों के साथ-साथ उत्तर पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा और त्रिपुरा में एक या दो स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा संभव है।

पहाड़ों से आ रही हवा से मप्र हुआ ठंडा

वहीं मप्र की बात करें तो पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने प्रदेश में ठंड बढ़ा दी है। भोपाल समेत कई कई जिले शीतलहर की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने नए साल की शुरुआत में उत्तर के पहाड़ी राज्यों से लेकर पूर्वी और उत्तरी मध्यप्रदेश के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा रह सकता है। जिससे राज्य में ठंड के बढ़ने के आसार हैं। ग्वालियर और इंदौर में कोहरा छाने लगा है। दृश्यता भी घट गई है। जबलपुर में भी कोहरा देखा जाने लगा है। भोपाल में सुबह के समय हल्का कोहरा है, लेकिन पहली बार दृश्यता 2 किलोमीटर तक रह गई। सामान्यत: यह 5 किलोमीटर तक रहती है। आने वाले समय में ग्वालियर, चंबल में कोहरा और बढ़ सकता है। वहीं उत्तरी हवाओं के कारण प्रदेश के कई जिलों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। दतिया सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। इसके अलावा धार, गुना, ग्वालियर, पचमढ़ी, राजगढ़, रतलाम, खजुराहो, नौगांव और सागर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे चला गया।

लखनऊ में नजाकत भरा मौसम

बात उत्तर प्रदेश की करें तो राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। वहीं लखनऊ में कोहरा भी देखने को मिल सकता है। इसके अलावा पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे से लेकर गंभीर कोल्ड डे की स्थिति और पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक या दो स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति संभव है।

कहीं-कहीं हो सकती है बारिश

दक्षिण तमिलनाडु में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो बार भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु के शेष हिस्सों, आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट, पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में एक या दो मध्यम बारिश हो सकती है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, उत्तरी नागालैंड और पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है।

नल में जम गया जल

कारगिल,नल में जम गया जल

वहीं श्रीनगर और जम्मू क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात सीजन की सबसे सर्द रात रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री नीचे रहा। श्रीनगर में माइनस 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में 31 दिसंबर तक पारे में और गिरावट आ सकती है। चिल्ला कलां के बीच कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लेह और कारगिल में भी कई जगह पारा अधिक गिरने से नलों में पानी जम गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार सोमवार को कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसका असर 29 दिसंबर को भी देखने को मिल सकता है।

शिमला में बारिश-बर्फबारी

केलांग में पारा शून्य से 10.8 डिग्री नीचे

बात करें हिमाचल प्रदेश तो ये राज्य भी शीतलहर की चपेट में है। लाहौल के मुख्यालय केलांग में रविवार सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम पारा शून्य से 10.8 डिग्री नीचे लुढ़क गया। अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मनाली समेत प्रदेश के सात क्षेत्रों का पारा शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार और 29 दिसंबर को शिमला समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। मैदानी इलाकों के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी हुआ है।

कोहरे का असर रेल यातायात पर

कोहरे ने रोकी ट्रेन की रफ्तार

कोहरे का असर रेल यातायात पर भी दिखाई दे रहा है। उत्तर रेलवे के अनुसार घने कोहरे के कारण कम से कम 10 ट्रेनें एक से लेकर चार घंटे की देरी से चल रही हैं। इनमें गया-नई दिल्ली महाबोधी, दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल, हावड़ा-नई दिल्ली एक्सप्रेस और बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस शामिल हैं।

Exit mobile version