भारत के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय हो चुका है और अब उसका असर उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से लेकर पश्चिम तक दिखाई देने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी-तूफान, वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
- 29 जून 2025 का मौसम अपडेट
- देशभर में बारिश का कहर
- यूपी के 36 जिलों में रेड अलर्ट
- दिल्ली-NCR में गरज के साथ बारिश
मानसून अब भारत में पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। भारतीय मौसम विभाग IMD की ओर से आज रविवार 29 जून को देशभर के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। खास तौर पर उत्तर भारत, पूर्वी भारत, मध्य और पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों में आज का दिन मौसम के बिगड़े मिजाज के साथ बीतेगा।
उत्तर भारत में मानसून का असर
उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों — दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश — में अब मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उत्तर भारत में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल और राजस्थान में 29 जून से अगले दो दिन तक तेज बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश के 36 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। इन जिलों में वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, बस्ती, सीतापुर, बहराइच, मुरादाबाद, बरेली, मेरठ, सहारनपुर, शामली, बिजनौर जैसे इलाके शामिल हैं।बिजली गिरने और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। ग्रामीण इलाकों में विशेष सतर्कता की अपील की गई है।
2 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम:
दिल्ली में आज रविवार को छुट्टी के दिन गरज-चमक के साथ तेज हवाओं और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। आईएमडी की ओर से येलो अलर्ट जारी किया है। आज रविवार 29 जून को मौसम और ज्यादा सुहावना हो सकता है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 35-36 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रह सकता है। बारिश से पॉल्यूशन के स्तर में गिरावट और उमस से राहत मिलने की संभावना है।
हिमालयी और पहाड़ी क्षेत्र
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, और जम्मू-कश्मीर में भी आज से लेकर 30 जून तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। भूस्खलन और पहाड़ी नदियों में जलस्तर बढ़ने की संभावना के चलते यात्रियों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पूर्व और मध्य भारत
बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी आज से लगातार बारिश की संभावना जताई गई है।
पूर्वी मध्य प्रदेश में 30 जून और 1 जुलाई को, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में 1 और 2 जुलाई को बहुत भारी बारिश की चेतावनी है।
छत्तीसगढ़ में भी मौसम विभाग ने 2 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताई है।
दक्षिण और पश्चिम भारत
महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में तेज मानसूनी बारिश का दौर जारी रहेगा। तटीय इलाकों में समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका के मद्देनजर मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है।
सावधानी के निर्देश
वज्रपात से बचाव के लिए खुले में मोबाइल उपयोग न करें। बिजली की चमक के समय पेड़ों के नीचे या खुले मैदान में खड़े न हों। खेतों में कार्यरत लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह। कुल मिलाकर, 29 जून और उसके बाद के कुछ दिन बारिश, तूफान, और बिजली से भरे रहेंगे। आम जनता को यात्रा, खेती और घरों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट रहने की आवश्यकता है। …(प्रकाश कुमार पांडेय)





