Weather News: मानसून ने बढ़ाई रफ्तार, 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट; कई इलाकों में 70 किमी प्रतिघंटा तक चलेंगी हवाएं

Weather News

देशभर में बदला मौसम का मिजाज

जून की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के भीतर 17 राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की है। कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के अनेक हिस्से इस बदलाव से प्रभावित हो सकते हैं।

मानसून की रफ्तार तेज, दक्षिण भारत में बढ़ेगी बारिश

दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और इसके विस्तार के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन से चार दिनों में मानसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के बड़े हिस्सों तक पहुंच सकता है। इसके चलते दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है, जबकि पूर्वोत्तर भारत में भी व्यापक वर्षा देखने को मिल सकती है।

उत्तर और मध्य भारत में आंधी-बारिश का असर

उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय बना रहेगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कई क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

यूपी, बिहार और राजस्थान में विशेष सतर्कता

उत्तर प्रदेश में एक दिन पहले रविवार को हुई बारिश के बाद आंधी ने दूसरे दिन आज सोमवार को भी मौसम बदल दिया है। राज्य के कई जिलों में आज भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। वहीं बिहार में 6 जून तक बारिश तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में अगले सात दिनों तक कई जिलों में बारिश, धूलभरी आंधी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

दिल्ली में राहत, लेकिन गर्मी बरकरार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। दोपहर बाद हल्की तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार 2 और 3 जून को भी दिल्ली में मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा।

देश में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दक्षिण भारत में मानसून की दस्तक और उत्तर, मध्य तथा पूर्वी भारत में आंधी-बारिश की संभावना ने लोगों को सतर्क रहने की जरूरत बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जारी रहने वाले इस बदलाव को देखते हुए नागरिकों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

Exit mobile version