मौसम के समाचार 28 अगस्त 2025: दिल्ली में रिमझिम बारिश के आसार, उत्तर भारत में आफत बरपाएंगे बादल

situation is continuously getting worse due to heavy rains in the mountains

मौसम के समाचार 28 अगस्त 2025: दिल्ली में रिमझिम बारिश के आसार, उत्तर भारत में आफत बरपाएंगे बादल

28 अगस्त, गुरुवार – भारत मौसम विभाग (IMD) ने आज देशभर के मौसम का अपडेट जारी किया है। जहां एक ओर दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल आफत बनकर बरस सकते हैं। भारी बारिश के कारण इन पर्वतीय राज्यों में भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने का खतरा बढ़ गया है।

दिल्ली-एनसीआर में रिमझिम से मध्यम बारिश

दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही हल्के बादल छाए हुए हैं और दोपहर बाद रिमझिम से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 1 सितंबर तक दिल्ली-एनसीआर में गरज-बरस के साथ बारिश की संभावना जताई है। इससे उमस भरे मौसम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में अलर्ट

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जम्मू में आज गरज के साथ तेज बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल के किन्नौर, कुल्लू और चंबा जिलों में भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है।

उत्तराखंड में खतरे की घंटी

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा मार्गों पर लगातार बारिश से स्थिति नाजुक बनी हुई है। रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भूस्खलन से सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। मौसम विभाग ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

पंजाब में बाढ़ का संकट

पंजाब के कई हिस्सों में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। कपूरथला और फिरोजपुर जिलों में नदी किनारे बसे गांवों को खाली कराया जा रहा है। पौंग और भाखड़ा डैम से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने से सतलुज, ब्यास और रावी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। निचले इलाकों में पानी घुसने से बाढ़ का संकट और गहराने लगा है।

ओडिशा में सामान्य जनजीवन ठप

ओडिशा के दक्षिणी जिलों कोरापुट, मलकानगिरी और नवरंगपुर में बुधवार से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। 100 से अधिक गांव जलमग्न हैं। बालासोर, भद्रक और जाजपुर जिलों में भी बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने राज्य के 28 जिलों में आज भारी बारिश का अनुमान जताया है।

कर्नाटक में बारिश और ‘ऑरेंज अलर्ट’

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु और तटीय जिलों दक्षिण कन्नड़, उडुपी और उत्तर कन्नड़ में बुधवार को दिनभर झमाझम बारिश हुई। कई चौराहों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति रही। आईएमडी ने 29 अगस्त तक ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। बेलगावी, बीदर, कलबुर्गी, कोडागु, शिवमोग्गा और मैसूरु सहित कई जिलों में 30 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है।

आपके शहर का आज का तापमान

शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
दिल्ली 32°C 24°C
मुंबई 29°C 26°C
कोलकाता 31°C 26°C
चेन्नई 36°C 27°C
पटना 33°C 29°C
रांची 28°C 22°C
लखनऊ 30°C 27°C
भोपाल 27°C 23°C
जयपुर 29°C 26°C
देहरादून 27°C 22°C

दक्षिण भारत की स्थिति

दक्षिण भारत में भी मानसून सक्रिय है। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि केरल में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है क्योंकि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में ऊंची लहरें उठने की आशंका है।

उत्तर भारत के कई राज्यों में परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पंजाब और ओडिशा में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। दिल्ली-एनसीआर में बारिश से वायु गुणवत्ता (AQI) में सुधार की उम्मीद। पर्वतीय राज्यों में यात्रियों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह। कुल मिलाकर, 28 अगस्त का दिन देश के कई राज्यों के लिए बारिश से जुड़ी चुनौतियां लेकर आया है। जहां पंजाब और ओडिशा में बाढ़ का संकट है, वहीं हिमाचल और उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। दिल्ली और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश लोगों को गर्मी और उमस से राहत तो दे रही है, लेकिन जलभराव की समस्या भी बढ़ा रही है। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों तक देश के कई हिस्सों में मानसूनी बारिश का यह सिलसिलानिरंतर जारी रहने कीसंभावनाव्यक्त है। (प्रकाश कुमार पांडेय)

Exit mobile version