“मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में मौसम बदलने वाला, बारिश और ठंड की दस्तक
तेज़ हवाओं, गरज और बिजली के साथ वर्षा की चेतावनी — मौसम विभाग ने दी एडवाइजरी
दिवाली के बाद देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिणी और पूर्वी भारत के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, उत्तर भारत में धीरे-धीरे ठंड की शुरुआत होने के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण भारत के ऊपर बनने वाला कम दबाव का क्षेत्र कई राज्यों में बारिश लाने वाला है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप द्वीप समूह में 26 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मिलनाडु और केरल में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया है कि 21 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की तीव्रता बढ़ेगी।
तमिलनाडु और केरल में भारी वर्षा और तेज़ हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। कोयंबटूर, नीलगिरी, इरोड, तिरुप्पुर, थेनी और तेनकासी जिलों के पहाड़ी इलाकों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश हो सकती है।
चेन्नई और आसपास के जिलों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है। स्थानीय प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में झमाझम की संभावना
मौसम विभाग ने कहा है कि 21 से 23 अक्टूबर के बीच मध्य प्रदेश और विदर्भ के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हो सकती है। वहीं 21 से 24 अक्टूबर के दौरान छत्तीसगढ़ में भी बिजली गिरने और गरज-तूफान की आशंका है।
मौसम के इस बदलाव की वजह से कई जगहों पर दिन का तापमान नीचे जा सकता है, जबकि रात में हल्की ठंड महसूस होने लगेगी। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसलों को ओलावृष्टि और तेज़ हवाओं से बचाने के लिए सावधानी बरतें।
कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र में भी सक्रिय होगा सिस्टम
आईएमडी के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में तेज़ हवाओं के साथ गरज-चमक की स्थिति बनेगी।
महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और हल्की बारिश की भी संभावना है। विशेषज्ञों ने कहा है कि अरब सागर से उठ रही नमी और बंगाल की खाड़ी में बने दबाव का क्षेत्र आपस में मिलकर मौसम में बदलाव ला रहा है। (प्रकाश कुमार पाण्डेय)





