weather news madhya pradesh: तपेगा मध्यप्रदेश! बारिश-आंधी के बाद अब लू का कहर, कई जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट

weather in Madhya Pradesh

मध्यप्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। एक तरफ प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, तो दूसरी तरफ कुछ इलाकों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि 12 मई के बाद मौसम पूरी तरह शुष्क होने और लू का असर तेज होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, सागर और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में अचानक मौसम बदलने और हल्की बौछारें पड़ने की संभावना भी जताई गई है।

इधर प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। रतलाम इस समय मध्यप्रदेश का सबसे गर्म शहर बन गया है, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा उज्जैन और धार में पारा 42.4 डिग्री तक पहुंच गया है।

खंडवा में तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में 41.9 और रायसेन में 41 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के कुल 11 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय सिस्टम की वजह से कुछ जिलों में हल्की बारिश और आंधी की स्थिति बनी हुई है, लेकिन 12 मई के बाद प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा। इसके बाद तेज धूप और लू का असर तेजी से बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और गर्म हवाओं से सावधान रहने की सलाह दी है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।

विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में मध्यप्रदेश में गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है।

Exit mobile version