मौसम 12 अक्टूबर 2025: अब नहीं बरसेंगे बादल! उत्तर भारत से मानसून की विदाई, ठंड की दस्तक
नई दिल्ली: भारत में मानसून की वापसी का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले कुछ दिनों में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून इन राज्यों के शेष हिस्सों में लौट सकता है। इसके साथ ही झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी मॉनसून की वापसी के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने आगाह किया है कि दक्षिण भारत के कई हिस्सों में ऊपरी वायु चक्रवात सक्रिय होने से बारिश का सिलसिला अभी जारी रह सकता है।
- मानसून की वापसी जारी
- दिल्ली में मौसम शुष्क
- उत्तर प्रदेश मौसम शुष्क
- बिहार में ठंड बढ़ेगी
- राजस्थान मौसम शुष्क रहेगा
IMD ने अगले 4-5 दिनों के लिए दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के तमिलनाडु, केरल, तटीय कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अरब सागर के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब कमजोर पड़ चुका है, लेकिन बंगाल की खाड़ी और दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है।
दिल्ली में मौसम शुष्क रहेगा
दिल्ली-एनसीआर में 11 से 14 अक्टूबर तक मौसम शुष्क और आसमान साफ रहने की संभावना है। दिन का तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 18 से 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा। रविवार दोपहर को हवा की गति धीरे-धीरे बढ़कर उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच जाएगी। शाम और रात में हवा की गति कम होकर 8 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। राजधानीवासियों को ठंडी और हल्की सुखद हवाओं का अहसास होगा, जबकि बारिश की संभावना नगण्य है।
उत्तर प्रदेश मौसम शुष्क रहेगा
उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी की परिस्थितियां अनुकूल हैं। अगले 2-3 दिनों में मॉनसून पूरी तरह लौट सकता है। फिलहाल अगले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। IMD के अनुसार 11 से 16 अक्टूबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कहीं भी वर्षा होने की संभावना नहीं है। दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंडक महसूस होगी। 10 अक्टूबर तक पूर्वांचल के दक्षिण-पूर्वी जिलों को छोड़कर अधिकांश हिस्सों से मॉनसून वापस लौट चुका है।
चुनावी सरगर्मी के बीच बिहार में ठंड बढ़ेगी
बिहार में मॉनसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अगले 2-3 दिनों में राज्य में मॉनसून पूरी तरह विदा हो जाएगा। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा, कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दिन का तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 20-22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेगी, जिससे नमी घटेगी और ठंडक का अहसास बढ़ेगा।
उत्तराखंड में ठंडी रातें
उत्तराखंड में बारिश का दौर थमने के साथ ही तापमान सामान्य हो गया है। सुबह और शाम की ठंड ने हल्के गर्म कपड़े पहनने की जरूरत बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आसमान साफ रहेगा, ऊंचाई वाले इलाकों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। दिन में मौसम सुहावना और रात में हल्की ठंडक महसूस होगी। अधिकतम तापमान 20–24°C और न्यूनतम तापमान 10–12°C तक रहने की संभावना है।
राजस्थान मौसम शुष्क रहेगा
राजस्थान से मॉनसून लगभग पूरी तरह लौट चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। दिन में गर्मी और रात में ठंडी हवा का अहसास रहेगा। अगले कुछ दिनों में राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। शुष्क मौसम के चलते राजस्थान के निवासियों को धूप और हल्की ठंडक का मिश्रित अनुभव होगा। प्रकाश कुमार पांडेय





