एमपी में बिगड़ा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और कोहरे का अलर्ट

Weather deteriorates in MP

एमपी में बिगड़ा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और कोहरे का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला-बदला बना हुआ है। कहीं आसमान में बादल छाए हुए हैं तो कहीं गरज-चमक के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। हालांकि फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, कटनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। इससे सुबह और शाम के समय ठंडक का अहसास बना रहेगा।

घने कोहरे से बढ़ेगी परेशानी

ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। कोहरे के चलते दृश्यता कम रह सकती है, जिससे खासकर सुबह के समय वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत है।

रीवा-सतना में मध्यम कोहरा

रीवा, सतना और पन्ना जिलों में मध्यम स्तर का कोहरा रहने का अनुमान है। देर रात और सुबह के समय ठंड और नमी का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।

तीन दिन बाद फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि आज के बाद अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है और कुछ इलाकों में बारिश के आसार बन सकते हैं।

तापमान में बड़ी गिरावट नहीं

फिलहाल प्रदेश में तापमान में किसी बड़ी गिरावट के संकेत नहीं हैं। मौसम सामान्य बना रहेगा और ठंड में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस खंडवा में दर्ज किया गया है, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस राजगढ़ में रिकॉर्ड किया गया। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश, गरज-चमक और कोहरे के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है, खासकर यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत बताई गई है।

Exit mobile version