नई दिल्ली: मौसम विभाग ने देश की राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग की तरफ से कहा गया है कि एनसीआर के साथ ही पंजाब, बिहार, झारखंड, राजस्थान. हरियाणा और यूपी में ठंड का प्रकोप बढ़ेगा। केंद्र शासित प्रदेशों सहित हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम साफ बने रहने की संभावना है। ऊपरी इलाकों में बर्फबारी का असर उत्तर भारत में देखा जाएगा। दिल्ली में कल इस मौसम का सबसे सर्द दिन रहा। यहां तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा।
- पूरे उत्तर भारत में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी हुआ है
- दिल्ली में कल मौसम का सबसे सर्द दिन रहा
- पहाड़ी राज्यों में मौसम साफ बने रहने की संभावना है
अरब सागर पर बना डिप्रेशन पश्चिम बढ़ा
हालांकि, मुंबई में गर्मी बनी रही। यहां दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे यहां लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। मौसम वैज्ञानिकों ने धुंध एवं कोहरे के बाद आज मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान जताया। साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 25 डिग्री सेल्सियस और 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मध्य अरब सागर पर बना हुआ डिप्रेशन पश्चिम की ओर बढ़ा और आज पश्चिम मध्य अरब सागर पर केंद्रित हो गया। दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और इससे सटे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
इसके अगले 48 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में आगे बढ़ सकता है। 19 दिसंबर की रात से तमिलनाडु के दक्षिणी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं और धीरे-धीरे तेज हो सकती है। शेष देश में मौसम सूखा रहेगा। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के हिस्सों में मध्यम कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। असम, मेघालय, बिहार और उत्तर प्रदेश में हल्का से मध्यम कोहरा देखा गया।