मौसम 19 अगस्त 2025: दिल्ली में बौछारों की संभावना, महाराष्ट्र-कर्नाटक-केरल में भारी बारिश का अलर्ट
आल मंगलवार 19 अगस्त 2025 को देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग और मिजाज दिखने को मिल रहे हैं। जहां राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है जो वहीं आज दक्षिण और पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
दिल्ली-एनसीआर में बादल और बौछारें
राजधानी दिल्ली में मंगलवार को दिन की शुरुआत बादलों के साथ हुई। आईएमडी के मुताबिक, दिनभर कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि नमी और उमस बनी रहेगी लेकिन शाम होते-होते हल्की ठंडी हवाएं राहत दे सकती हैं।
दिल्ली से सटे गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद में भी मंगलवार को छिटपुट बौछारें पड़ने की संभावना है।
यूपी में बदलाव लेकिन बारिश नहीं
उत्तर प्रदेश में फिलहाल मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी हो गई है। आईएमडी ने साफ किया है कि राज्य में अगले 72 घंटों तक बारिश की संभावना बेहद कम है। हालांकि 21 अगस्त से पूर्वी यूपी में भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है जो 24 अगस्त तक चलेगा। वहीं पश्चिमी यूपी में 22 से 24 अगस्त के बीच बारिश के आसार हैं। यानी किसानों और आम लोगों को अभी कुछ दिन इंतजार करना होगा।
उत्तराखंड में येलो अलर्ट
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मंगलवार को कई इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने की घटनाएं पहले से ही लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं।
उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में खीरगंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। खोज अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा और बीआरओ द्वारा बनाई गई सड़क दोबारा क्षतिग्रस्त हो गई है।
हिमाचल प्रदेश में भी खतरा
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार को तेज बारिश और आंधी-तूफान का अंदेशा है। आईएमडी ने उना, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हो चुकी हैं। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।
दक्षिण भारत: महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में रेड और ऑरेंज अलर्ट
दक्षिण भारत में इस समय मानसून सक्रिय हो गया है। महाराष्ट्र के कई जिलों में अगले 24 घंटों में भारी से अति भारी बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट और रायगढ़, रत्नागिरी, सातारा, कोल्हापुर तथा पुणे जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
इसी तरह, कर्नाटक और केरल में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर तटीय इलाकों में तेज हवाएं और समुद्र में ऊँची लहरों के कारण मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में भी अगले 24 घंटों तक भारी बारिश हो सकती है।
मानसून दबाव और उसका असर
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर क्षेत्र के चलते दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों पर मंगलवार दोपहर तक दबाव का असर देखा जा सकता है। इसके चलते दक्षिण प्रायद्वीपीय और मध्य भारत में मानसून सक्रिय रहेगा। आने वाले दिनों में इससे मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है।
किसानों और आम जनता के लिए संदेश
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि भारी बारिश वाले इलाकों में खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था पहले से कर लें। वहीं शहरी क्षेत्रों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने की जरूरत है।
19 अगस्त का दिन देश के कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण रहेगा। जहां दिल्ली-एनसीआर के लोग बादलों और बौछारों का आनंद लेंगे, वहीं दक्षिण और पहाड़ी राज्यों के लिए यह दिन अलर्ट लेकर आया है। महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित रहें। प्रकाश कुमार पांडेय