मौसम 11 अगस्त 2025: यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों में मौसम में बदलाव…जानें कैसा रहेगा आज आपके शहर का मौसम
देशभर में मानसून अपने चरम पर है और पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों तक झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) की ओर से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आले वाले सात दिनों तक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पूर्वी और मध्य भारत साथ प्रायद्वीपीय भारत के उत्तरी क्षेत्र में बुधवार 13 अगस्त से 16 अगस्त के बीच बारिश में और तेजी आने की संभावना बन रही है।
दिल्ली-NCR में बारिश के बाद धूप
लेकिन हल्की बूंदाबांदी का अनुमान
पिछले दो दिनों की लगातार बारिश के बाद सोमवार सुबह दिल्ली-NCR में तेज धूप निकली। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार देर रात तक हल्की बारिश हो सकती है।
11 और 12 अगस्त
दो दिन आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं गरज के साथ हल्की बारिश की भी संभवना है। तापमान अधिकतम 29°C, न्यूनतम 24°C रह सकता है। वहीं मौसम विभाग से जुड़े विशेषज्ञों की माने तो दिल्ली में फिलहाल भारी बारिश का कोई पूर्वानुमान जारी नहीं किया गया है। हालांकि नमी और मौसम में उमस बनी रह सकती है।
बिहार: भारी बारिश का सिलसिला जारी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बिहार के विभिन्न हिस्सों में 10 से 13 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है।
उत्तर बिहार और सीमांचल क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।
ओडिशा में 12 से 14 अगस्त तक बारिश की संभावना, जबकि पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 11-12 अगस्त को भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।
उत्तर प्रदेश पूर्वी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
सोमवार को यूपी के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, लेकिन अगले दो दिनों में राज्य में अधिकतर जगहों पर मौसम शुष्क रह सकता है। 13 और 14 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, जौनपुर, गाज़ीपुर, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, बलिया, मऊ, कुशीनगर और संत कबीर नगर में भारी बारिश का अनुमान।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ और शामली के साथ मुजफ्फरनगर ही नहीं आगरा, मुरादाबाद, अलीगढ़ और बरेली जिलों में 13 अगस्त और 15 अगस्त को भारी वर्षा की संभावना बनी है।
देवभूमि उत्तराखंड में अगले सात दिन भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई जगहों पर भूस्खलन और सड़क अवरोध की घटनाएं हुई हैं।
आने वाले 7 दिन पहाड़ी जिलों में भारी वर्षा का दौर जारी रहेगा।
प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को फिसलन वाले इलाकों, नदी किनारे और भूस्खलन-प्रवण क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
हिमाचल प्रदेश
चार दिन का भारी बारिश अलर्ट
हिमाचल में सोमवार को कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 4 दिन राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा, प्रशासन ने सतर्कता बरतने को कहा।
पंजाब और हरियाणा में रुक-रुक कर बारिश का दौर
पंजाब 11 अगस्त को भारी बारिश की संभावना, 12-13 अगस्त को मौसम सामान्य रहेगा। 14 और 15 अगस्त को फिर बारिश का दौर लौट सकता है। हरियाणा में कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, लेकिन फिलहाल भारी बारिश का अलर्ट नहीं।
पूर्वी-मध्य और प्रायद्वीपीय भारत
13-16 अगस्त को तेज बारिश
छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों और महाराष्ट्र के उत्तरी भाग में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा के उत्तरी जिलों में भी इस दौरान तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा संभव है।
मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी
मौसम विभाग ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं और ऊंची लहरों का अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक इन क्षेत्रों में मछली पकड़ने की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने की सलाह। तटीय राज्यों को समुद्री सुरक्षा और बंदरगाह संचालन में सतर्कता बरतने का निर्देश।
देश में मानसून फिलहाल सक्रिय है और आने वाले दिनों में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लंबे समय का भारी बारिश अलर्ट गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है। वहीं यूपी, बिहार और पूर्वी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करना ही सुरक्षा का सबसे बेहतर उपाय है।…(प्रकाश कुमार पांडेय)





