13 नवंबर को, सीपीसी केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो के सदस्य और केंद्रीय
विदेश मामलों के आयोग के कार्यालय के निदेशक वांग यी ने चीन की राजधानी
पेइचिंग में आयोजित 2026 चीन-अमेरिका पार्टी वार्ता में भाग लेने वाले अमेरिकी
प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
वांग यी ने कहा कि चीन और अमेरिका, दो प्रमुख शक्तियों के रूप में, अपने साझा
लक्ष्यों को स्पष्ट करने, पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग के क्षेत्रों का विस्तार
करने, द्विपक्षीय संबंधों की नींव को मजबूत करने और विश्व शांति और स्थिरता
बनाए रखने के लिए निरंतर संवाद और आदान-प्रदान में संलग्न होना चाहिए।
दोनों पक्षों को पारस्परिक सम्मान, शांतिपूर्ण सहअस्तित्व और पारस्परिक लाभ
वाले सहयोग के सिद्धांतों को बनाए रखना चाहिए। साथ ही चीनी राष्ट्रपति शी
चिनफिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा सम्मान, निष्पक्षता और
समानता पर आधारित रचनात्मक रणनीतिक और स्थिर चीन-अमेरिका संबंध
के निर्माण पर बनी सहमति को व्यवहार में लाना चाहिए।
अमेरिकी प्रतिनिधि ने कहा कि मानवीय आदान-प्रदान, विशेषकर युवाओं और
छात्रों से जुड़े आदान-प्रदान, दोनों देशों के लोगों के बीच मित्रता और आपसी
विश्वास को मजबूत करने में सहायक हैं। हम राष्ट्रपति शी की 5 वर्षों में
100,000 पहल की सराहना करते हैं और अमेरिका-चीन संबंधों के स्वस्थ और
स्थिर विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रयास करने को तत्पर हैं।
ठीक उसी दिन वांग यी ने चीन की राजधानी पेइचिंग में दक्षिण कोरियाई
विदेश मंत्री चो ह्यून के साथ वार्ता की।
वांग यी ने कहा कि पिछले साल के अंत से चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और
दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे-म्यंग ने सफल यात्राओं का आदान-प्रदान
किया है, जिससे चीन-दक्षिण कोरिया संबंधों को सुधार और विकास के सही रास्ते
पर वापस लाने में मदद मिली है। इस वर्ष द्विपक्षीय व्यापार एक नए उच्च स्तर
पर पहुंच जाएगा और मानवीय आदान-प्रदान करोड़ों लोगों तक पहुंच जाएगा।
अगले वर्ष दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 35वीं वर्षगांठ है।
दोनों पक्षों को इस अवसर का लाभ उठाते हुए चीन-दक्षिण कोरिया रणनीतिक
सहयोग साझेदारी को संयुक्त रूप से बढ़ावा देना चाहिए और सही दिशा में आगे
बढ़ना चाहिए
चो ह्यून ने कहा कि दक्षिण कोरिया और चीन के नेताओं के बीच आपसी यात्राओं
के बाद से, द्विपक्षीय संबंध बहाल और विकसित हुए हैं, और द्विपक्षीय व्यापार
और कर्मियों के आदान-प्रदान में महत्वपूर्ण वृद्धि यह दर्शाती है कि दोनों देशों के
नेताओं द्वारा हासिल की गई महत्वपूर्ण सहमति को पूरी तरह से लागू किया गया
है। दक्षिण कोरिया सरकार की एक-चीन नीति का सम्मान करने की स्थिति में
कोई बदलाव नहीं आएगा। दक्षिण कोरिया एपेक चीन वर्ष की सफलता की
कामना करता है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)