अचानक सर्च से हुआ गायब
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली गुरुवार रात उस समय सुर्खियों में आ गए, जब उनका इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक सर्च में दिखाई देना बंद हो गया। सोशल मीडिया पर यह खबर फैलते ही फैंस में बेचैनी बढ़ गई। लोग बार-बार उनका प्रोफाइल सर्च करते रहे, लेकिन अकाउंट कहीं नजर नहीं आया। इससे यह चर्चा तेज हो गई कि कहीं कोहली ने सोशल मीडिया से दूरी बनाने का फैसला तो नहीं कर लिया।
करोड़ों फैंस हुए परेशान
विराट कोहली सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले क्रिकेटर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 274 मिलियन फॉलोअर्स हैं, जो किसी भी क्रिकेटर से ज्यादा हैं। वह खुद 283 अकाउंट्स को फॉलो करते हैं। ऐसे में उनका अकाउंट अचानक गायब होना करोड़ों फैंस के लिए चिंता का कारण बन गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और इंस्टाग्राम पर लोग लगातार सवाल पूछते नजर आए कि आखिर माजरा क्या है।
सोशल मीडिया छोड़ने की अटकलें
अकाउंट गायब होने के बाद कयास लगाए जाने लगे कि शायद विराट कोहली ने निजी जिंदगी पर ध्यान देने के लिए सोशल मीडिया से दूरी बनाने का मन बना लिया है। हालांकि इस बात की पुष्टि करने वाला कोई संकेत नहीं मिला। हाल के दिनों में कोहली इंस्टाग्राम पर सक्रिय दिखे थे। उन्होंने नए साल पर पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ पोस्ट साझा की थी और इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की तैयारी से जुड़ी तस्वीर भी पोस्ट की थी।
टेक्निकल ग्लिच निकला कारण
शुक्रवार सुबह जब विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट फिर से नजर आने लगा, तो साफ हो गया कि यह किसी तकनीकी गड़बड़ी का मामला था। कोहली ने खुद से अकाउंट डीएक्टिवेट या डिलीट नहीं किया था। फिलहाल विराट अपने परिवार के साथ लंदन में रहते हैं। उन्होंने टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने के बाद वह भारत से वापस लंदन लौट चुके हैं।