24 दिसंबर से विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का आगाज़ होने जा रहा है और शुरुआत ही बेहद खास होने वाली है। घरेलू क्रिकेट के इस बड़े टूर्नामेंट में पहले दिन ही रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल और ऋषभ पंत जैसे दिग्गज खिलाड़ी खेलते दिखाई दे सकते हैं। क्रिकेट प्रेमियों में इसको लेकर जबरदस्त उत्साह है।
पहले दिन किन टीमों के मुकाबले
टूर्नामेंट के ओपनिंग डे पर मुंबई और सिक्किम के बीच मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं दिल्ली की टीम आंध्र प्रदेश से बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में भिड़ेगी। इसके अलावा हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, बंगाल, विदर्भ, मध्य प्रदेश और राजस्थान की टीमें भी अपने-अपने मैचों के साथ अभियान की शुरुआत करेंगी।
विजय हजारे में रोहित और विराट का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने अब तक विजय हजारे ट्रॉफी की 17 पारियों में 38 की औसत से 581 रन बनाए हैं। उन्होंने आखिरी बार यह टूर्नामेंट 2018 में खेला था, यानी करीब 7 साल बाद रोहित घरेलू वनडे में नजर आएंगे। दूसरी ओर विराट कोहली करीब 15 साल बाद इस टूर्नामेंट में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने 2009-10 में अंतिम बार हिस्सा लिया था। कुल 13 मैचों में कोहली के नाम 68 की शानदार औसत से 819 रन दर्ज हैं।
टूर्नामेंट का पूरा फॉर्मेट
विजय हजारे ट्रॉफी में इस बार कुल 38 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें 32 टीमें एलीट ग्रुप और 6 टीमें प्लेट ग्रुप में शामिल हैं। एलीट ग्रुप को चार हिस्सों में बांटा गया है। हर ग्रुप से टॉप दो टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। फाइनल मुकाबला 6 जनवरी को बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जाएगा। सभी मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजे से शुरू होंगे।
स्टेडियम में हुआ बदलाव
पहले बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 6 मैच प्रस्तावित थे, लेकिन अब इन मुकाबलों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में शिफ्ट कर दिया गया है। आयोजकों के मुताबिक इससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।





