उपराष्ट्रपति चुनाव: सुदर्शन रेड्डी ने दाखिल किया अपना नामांकन… विपक्षी एकजुटता का प्रदर्शन सोनिया गांधी, शरद पवार, खड़गे रहे मौजूद

Vice Presidential Election Sudarshan Reddy filed his nomination a show of opposition unity

उपराष्ट्रपति चुनाव: सुदर्शन रेड्डी ने दाखिल किया अपना नामांकन… विपक्षी एकजुटता का प्रदर्शन
सोनिया गांधी, शरद पवार, खड़गे रहे मौजूद

उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया। गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, एनसीपी (SP) प्रमुख शरद पवार, सपा नेता रामगोपाल यादव, शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत समेत विपक्षी खेमे के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे।

नामांकन से पहले श्रद्धांजलि

नामांकन दाखिल करने से पहले बी. सुदर्शन रेड्डी ने स्वतंत्रता सेनानियों और महान नेताओं को नमन किया। सूत्रों के मुताबिक, रेड्डी ने चार सेट में नामांकन दाखिल किया, जिसमें प्रत्येक सेट में 20 प्रस्तावक और 20 समर्थक शामिल रहे।

एनडीए उम्मीदवार पहले ही मैदान में

इससे पहले गुरुवार को एनडीए के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन ने अपना नामांकन दाखिल किया था। राधाकृष्णन तमिलनाडु से आते हैं और बीजेपी संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं।

नंबर गेम: विपक्ष पीछे लेकिन संदेश मजबूत

संसद के दोनों सदनों के आंकड़ों के लिहाज से विपक्षी INDIA ब्लॉक पीछे दिख रहा है। इसके बावजूद, उसने सियासी संदेश देने के लिए पूरा दम लगाया है। खास बात यह है कि विपक्ष ने भी दक्षिण भारत से ही उम्मीदवार उतारा है। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प बन गया है और तस्वीर साफ तौर पर “दक्षिण बनाम दक्षिण” की बन रही है।

विपक्षी रणनीति: एकजुटता का इमेज

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने नामांकन का कार्यक्रम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर साझा किया। उनके मुताबिक, INDIA गठबंधन के सभी नेता सुबह 11 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कक्ष में एकत्र हुए, इसके बाद सामूहिक रूप से राज्यसभा महासचिव और चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर पी.सी. मोदी के कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया गया। हालांकि संख्याबल में एनडीए को बढ़त हासिल है और उसका उम्मीदवार राधाकृष्णन विजयी होने की स्थिति में है, लेकिन सुदर्शन रेड्डी की उम्मीदवारी के ज़रिए विपक्ष ने यह दिखाने की कोशिश की है कि वह एकजुट है और दक्षिण भारत में अपनी राजनीतिक पकड़ को मज़बूत संदेश देना चाहता है। (प्रकाश कुमार पांडेय)

Exit mobile version