वसुंधरा मांगे राजस्थान की धरा,जन्मदिन पर सालासर में राजे का शक्ति प्रदर्शन, जयपुर में सीएम हाउस घेरने निकली बीजेपी

Vasundhara Raje Satish Punia

जयपुर। राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में गुटबाजी गहराती नजर आ रही है। क्योंकि शनिवार 4 मार्च को दो अलग-अलग कार्यक्रम होने वाले हैं। पहला वसुंधरा राजे का जन्मदिन का कार्यक्रम है तो दूसरा राज्य की गहलोत सरकार के खिलाफ पार्टी का विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम। इस दौरान बीजेपी नेताओं ने सीएम हाउस के घेराव का भी ऐलान किया है। ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व ने घटनाक्रम को गंभीरता से लिया है। विवाद को खत्म करने के लिए प्रदेश भाजपा प्रभारी अरुण सिंह शनिवार को जयपुर पहुंचे। बता दें वसुंधरा राजे सालासर में पूजा-अर्चना के बाद जनसभा और फाग उत्सव का कार्यक्रम भी शामिल होंगी। जिसमें वसुंधरा समर्थक नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ही बीजेपी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी मौजूद रहेंगे।

वसुंधरा विरोधी गुट की सक्रियता

वसुंधरा राजे आज शनिवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। आज ही बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के नेतृत्व में राज्य सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन कर रही है। बीजेपी राज्य में पेपर लीक, बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसे राजस्थान बीजेपी में वसुंधरा विरोधी गुट की सक्रियता के तौर पर देखा जा रहा है। सतीश पूनिया ने बीजेपी विधायकों को धरने में शामिल होने का निर्देश दिए है। वहीं पार्टी की ओर से घोषित कार्यक्रम को लेकर प्रदेश नेतृत्व तैयारी कर रहा है। पहले भाजपा विधानसभा का घेराव करने वाली थी, लेकिन विधानसभा की कार्यवाही शुक्रवार को ही अगली 12 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई। ऐसे में अब सीएम आवास का घेराव कर अपनी भड़ास निकाल रही है। बीजेपी प्रवक्ता पंकज जोशी ने बताया कि विधानसभा स्थगित होने के कारण अब पार्टी सीएम हाउस के घेराव को लेकर पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं।

कार्यक्रम को लेकर पोस्टर वॉर

भाजपा कार्यालय के बाहर दोनों कार्यक्रमों के पोस्टर लगे हैं। दोनों कार्यक्रम एक ही दिन तय होने से नेताओं में गुटबाजी और कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हालांकि वसुंधरा राजे के जन्मदिन को मनाने के लिए उनके समर्थक पिछले कई दिनों से तैयारियां कर रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सालासर चूरु में अपना जन्मदिन मना रही हैं। हालांकि उनका जन्मदिन 8 मार्च को है लेकिन उस दिन होली का पर्व होने के चलते वे इसे चार दिन पहले यानी 4 मार्च को मना रही हैं।

वसुंधरा का शक्ति प्रदर्शन

सालासर में करीब एक लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है। इसके लिए राजे के करीबी नेताओं ने राज्य भर में कई दौर की जिलेवार और विधानसभावार बैठकें की हैं। माना जा रहा है कि चुनाव से पहले वसुंधरा खेमा अपनी सक्रियता बढ़ा रहा है। इस राजे का पार्टी नेतृत्व पर दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है। चुनाव से पहले सालासर में हो रहे राजे के कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। वे अपने जन्मदिन के बहाने भीड़ जुटाकर दिखाना चाहती हैं कि राज्य में अभी भी उनके पीछे समर्थकों की फौज है।

विवाद नहीं चाहता केंद्रीय नेतृत्व

केंद्रीय नेतृत्व ने स्थिति को गंभीरता से लिया है। विवाद के बीच पार्टी में एकजुटता दिखाने के लिए प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह राजस्थान पहुंचे वे दोनों कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। चुनाव से पहले पार्टी में उत्पन्न स्थिति को संतुलित करने के लिए राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश भाजपा प्रभारी अरुण सिंह शनिवार सुबह जयपुर पहुंचे और पार्टी प्रदेश मुख्यालय में संगठन पदाधिकारियों के साथ चर्चा की।

दोनों कार्यक्रमों में अरुण सिंह हिस्सा लेंगे

अरुण सिंह पहले सीएम हाउस का घेराव करने के कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। इसके बाद वे शाम को सालासर जाएंगे। जहां वसुंधरा के जन्मदिन समारोह में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व चाहता है कि एक ही दिन हो रहे दो कार्यक्रमों से उपजे विवाद को तुरंत रोका जाए। साथ ही कार्यकर्ताओं को यह संदेश देना चाहिए कि एक पार्टी का कार्यक्रम है और दूसरा वसुंधरा राजे का निजी कार्यक्रम है। दोनों को अलग-अलग देखा जाना चाहिए न कि एक-दूसरे के खिलाफ।

राजे का शक्ति प्रदर्शन, जयपुर में सीएम हाउस घेरने निकली बीजेपी

Exit mobile version