15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में शानदार रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का कारनामा किया है। वैभव ने सेंट्रल जोन के खिलाफ मुकाबले में महज 42 गेंदों में छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया।
वैभव ने यह उपलब्धि 15 साल 157 दिन की उम्र में हासिल की। इससे पहले दलीप ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में फिफ्टी का रिकॉर्ड लक्ष्मण सिंह के नाम था। उन्होंने 1969 में 16 साल 23 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया था। पीयूष चावला ने 16 साल 307 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था।
92 रन की तूफानी पारी, शतक से चूके वैभव
वैभव ने अपनी पारी में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 81 गेंदों पर 92 रन बनाए। वह शतक से केवल 8 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी पारी में 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनकी बल्लेबाजी ने ईस्ट जोन की पारी को मजबूती दी और मैदान पर मौजूद दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
ईशान किशन की गैरमौजूदगी में संभाली थी टीम की कमान
इस सेमीफाइनल में वैभव के लिए एक और खास पल आया। ईशान किशन के कलाई की चोट के कारण मैदान से बाहर जाने के बाद उन्होंने ईस्ट जोन की कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली। हालांकि टूर्नामेंट की शुरुआत उनके लिए अच्छी नहीं रही थी और पहले मैच में वह सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए थे। अब शानदार अर्धशतक के साथ वैभव ने जोरदार वापसी की है।