शहर शहर मानसून का कहर: दिल्ली से अरुणाचल तक बारिश का अलर्ट!
यूपी-हिमाचल-उत्तराखंड में भी भारी बारिश के आसार
दिल्ली-NCCR : तेज बारिश …उमस भरा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मानसून सक्रिय हो चुका है और रविवार को भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज सोमवार 14 जुलाई को दिल्ली में सुबह से ही बादल छाए हैं और बारिश के आसार बन रहे हैं। यहां आज सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बारिश के चलते मौसम में ठंडक बनी रहेगी, लेकिन उमस की समस्या बरकरार रह सकती है। अधिक नमी के कारण दिन में थोड़ी चिपचिपाहट महसूस हो सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR के निवासियों को अलर्ट रहने और जलभराव वाली जगहों से बचने की सलाह दी है।
यूपी के 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, रहें सतर्क
उत्तर प्रदेश में भी मानसून का रुख तेज हो चला है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 15 जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में सहारनपुर, बिजनौर, मोरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, बस्ती, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, अंबेडकर नगर, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली और मऊ शामिल हैं। भारी बारिश के कारण जलभराव, बिजली गिरने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर बनाए रखें। किसान भाइयों को भी सलाह दी गई है कि वे फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध करें।
पहाड़ों में बारिश का कहर, ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में अगले 24 घंटे बेहद भारी साबित हो सकते हैं। देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही उधम सिंह नगर, चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ तीव्र बारिश की संभावना जताई गई है।
पर्वतीय क्षेत्रों में पहले से ही भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जगहों पर सड़कों का संपर्क टूट गया है और वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और आपदा प्रबंधन विभाग की गाइडलाइंस का पालन करने को कहा है।
हिमाचल प्रदेश: 17 जुलाई तक भारी बारिश का खतरा
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर भारी बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 14 से 17 जुलाई के बीच प्रदेश में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। 14 जुलाई को कांगड़ा और सिरमौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट और मंडी, शिमला, सोलन में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। एक दिन पहले रविवार को हालांकि मौसम साफ रहा, जिससे आम जनता ने राहत की सांस ली, लेकिन अगले कुछ दिनों में हालात फिर से बिगड़ सकते हैं। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों को अलर्ट रहने की अपील की है।
बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों में बढ़ेगा मानसून का असर
बिहार में भी मानसून ने अब रफ्तार पकड़ ली है। बाद बरसने को तैयार हैं। मौसम विभागकी माने तो आने वाले 72 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे बुधवार 16 जुलाई से ट्रफ लाइन बिहार की ओर बढ़ेगी। जिससे व्यापक बारिश हो सकती है। वर्तमान में ट्रफ लाइन उत्तर दिशा में स्थित होने के कारण बारिश सीमित हो गई है, लेकिन जैसे ही यह बिहार की ओर बढ़ेगी, अच्छी बारिश शुरू हो जाएगी।
भारत के पूर्वोत्तर राज्यों की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश के साथ ही असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा और नागालैंड में आज 14 जुलाई से 19 जुलाई के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से 15 जुलाई को मेघालय में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में भूस्खलन और बाढ़ जैसी आपदाएं भी सामने आ सकती हैं।
देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय हो चुका है और अगले कुछ दिनों में इसका प्रभाव और बढ़ने की संभावना है। दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल, बिहार से लेकर पूर्वोत्तर भारत तक मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आम नागरिकों, पर्यटकों और किसानों को विशेष सतर्कता बरतनी होगी। सरकार और प्रशासन की ओर से सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं, लेकिन जनसहयोग से ही आपदा के प्रभाव को कम किया जा सकता है। सभी को सलाह दी जाती है कि मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। …( प्रकाश कुमार पांडेय)





