तीन घंटे, तीन मुलाकातें और बड़ा संदेश: सीएम योगी के दिल्ली दौरे के राजनीतिक मायने

तीन घंटे, तीन मुलाकातें और बड़ा संदेश: सीएम योगी के दिल्ली दौरे के राजनीतिक मायने

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दिल्ली दौरा रविवार को राजनीतिक हलकों में चर्चा का केंद्र बना रहा। तीन घंटे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह से एक के बाद एक मुलाकातों ने कई सियासी संकेत दिए हैं। सीएम योगी के इस अचानक दिल्ली दौरे को सिर्फ शिष्टाचार यात्रा मान लेना जल्दबाजी होगी, क्योंकि हाल ही में दोनों डिप्टी सीएम के शीर्ष नेतृत्व से अलग-अलग मुलाकातें भी इसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही हैं। योगी आदित्यनाथ के हाथ में फाइल के साथ प्रधानमंत्री से मुलाकात करना इस बात की पुष्टि करता है कि मुलाकातें औपचारिक नहीं, बल्कि नीति निर्धारण और रणनीति तय करने की दिशा में थीं।

तीन नेताओं से तीन घंटे की बैठक

योगी की रणनीति का इशारा

नया प्रदेश अध्यक्ष और मंत्रिमंडल फेरबदल का संकेत

बीजेपी में लंबे समय से उत्तर प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा का इंतजार है। दिल्ली में सीएम योगी की जेपी नड्डा के साथ एक घंटे से अधिक चली बैठक से कयास लगाए जा रहे हैं कि नया प्रदेश अध्यक्ष तय करने की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल में बदलाव और संगठन में नए चेहरों को शामिल करने को लेकर भी चर्चा की गई होगी। सूत्रों के अनुसार, जिन मंत्रियों के कामकाज से पार्टी नेतृत्व असंतुष्ट है या जिन पर आरोप लगे हैं, उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। वहीं, कुछ नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल कर पार्टी सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश करेगी।

सहयोगियों की नाराजगी और गठबंधन की चुनौती

दिल्ली दौरे की एक अहम पृष्ठभूमि सहयोगी दलों की बढ़ती नाराजगी भी है। खासकर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और उनके दल अपना दल (एस) की राज्य सरकार से दूरी, संजय निषाद और आशीष पटेल की बयानबाजियाँ इस बात की ओर इशारा करती हैं कि बीजेपी को गठबंधन को एकजुट रखने के लिए पुनर्विचार करना पड़ सकता है। यह भी संभावना है कि दिल्ली में हुई इन मुलाकातों में सहयोगियों को कैसे साधा जाए, इस पर मंथन हुआ हो। खासकर 2027 के विधानसभा चुनाव और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए, छोटे मगर प्रभावी दलों की भूमिका को लेकर रणनीति बनना तय है।

वोटबैंक में दरार और ओबीसी नाराजगी का फीडबैक

लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में बीजेपी के ओबीसी और दलित वोटबैंक में स्पष्ट खिसकाव देखा गया। यह चुनौती पार्टी के लिए आने वाले वर्षों में और गंभीर हो सकती है। अखिलेश यादव के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन को लेकर बीजेपी में चिंता है। वहीं, नाराज विधायकों और मंत्रियों के लगातार बयानबाज़ी और अफसरशाही पर खुलकर आलोचना इस बात की तस्दीक करती है कि भीतरखाने काफी असंतोष है। इन मसलों को लेकर लगातार दिल्ली में फीडबैक दिया जा रहा है और योगी आदित्यनाथ की इन बैठकों में इन्हीं मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

प्रशासनिक फेरबदल और जेवर एयरपोर्ट की चर्चा

योगी आदित्यनाथ की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात को आधिकारिक तौर पर जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन निमंत्रण बताया गया, लेकिन यह महज़ बहाना भी हो सकता है। सीएम योगी ने पीएम के साथ एक फाइल साझा की, जिससे ये अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसमें कुछ बड़े प्रशासनिक फेरबदल के प्रस्ताव या विशेष परियोजनाओं पर चर्चा की गई होगी। अक्टूबर में प्रस्तावित जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन एक बड़ा अवसर होगा, जिसे बीजेपी आगामी चुनावी रणनीति के लिए उपयोग करना चाहेगी। इसके साथ ही जिलों के डीएम, एसपी जैसे अधिकारियों के ट्रांसफर और प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव के संकेत भी हैं।

Exit mobile version