अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी Tiffany Trump शनिवार को निजी दौरे पर भारत पहुंच रही हैं। उनके आगमन को लेकर राजधानी दिल्ली से लेकर आगरा तक सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासन प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा हैं। हालांकि टिफनी की यह भारत यात्रा पूरी तरह से निजी है, लेकिन इसके बाद भी चूंकि अमेरिकी राष्ट्रपति के परिवार से जुड़ाव है, इसके चलते टिफनी की यात्रा को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
ताज की मोहब्बत से रेगिस्तान की रौनक तक: भारत दौरे पर आज पहुंचेंगी टिफनी ट्रंप दिल्ली से आगरा तक रहेगा हाई-प्रोफाइल मूवमेंट
सूत्रों के अनुसार दिल्ली पहुंचने के बाद टिफनी ट्रंप चार्टर्ड विमान से सीधे आगरा रवाना होंगी। एयरपोर्ट से होटल और पर्यटन स्थलों तक उनके लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन ने पूरे दौरे के दौरान निर्बाध आवागमन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत योजना तैयार की है।
ताजमहल में बिताएंगी यादगार पल
भारत दौरे का सबसे खास आकर्षण विश्व धरोहर Taj Mahal का भ्रमण रहेगा। रविवार सुबह टिफनी ट्रंप ताजमहल पहुंचेंगी और करीब डेढ़ घंटे तक इस ऐतिहासिक स्मारक का अवलोकन करेंगी।
दुनियाभर में प्रेम और स्थापत्य कला के प्रतीक के रूप में पहचान रखने वाला ताजमहल हर वर्ष लाखों विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करता है। माना जा रहा है कि टिफनी ट्रंप भी इस विश्व प्रसिद्ध धरोहर की वास्तुकला और ऐतिहासिक महत्व को करीब से जानने में रुचि लेंगी। उनके दौरे के दौरान पर्यटकों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंधन किया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी जिम्मेदारी
टिफनी ट्रंप के आगमन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एयरपोर्ट, होटल और ताजमहल परिसर के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार अमेरिकी सुरक्षा टीम और भारतीय एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय बना हुआ है। पूरे कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए रूट मैप, आपातकालीन व्यवस्थाएं और निगरानी तंत्र को भी मजबूत किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दौरा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
आगरा के बाद जैसलमेर की ओर बढ़ेंगी
ताजमहल भ्रमण के बाद टिफनी ट्रंप राजस्थान के जैसलमेर के लिए रवाना होंगी। जानकारी के अनुसार वह चार्टर्ड विमान के जरिए दोपहर में आगरा से प्रस्थान करेंगी।
जैसलमेर अपने ऐतिहासिक किलों, रेगिस्तानी संस्कृति और पर्यटन स्थलों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है। माना जा रहा है कि वहां वह कुछ प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकती हैं। हालांकि उनके कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने संभावित दौरे को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
अंतरराष्ट्रीय हस्तियों की पसंद बनता भारत
हाल के वर्षों में भारत वैश्विक नेताओं, उद्योगपतियों और प्रसिद्ध हस्तियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनकर उभरा है। ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन स्थलों की वजह से देश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार लोकप्रिय हो रहा है।
ताजमहल पहले भी कई विश्व नेताओं और प्रतिष्ठित व्यक्तियों की मेजबानी कर चुका है। टिफनी ट्रंप का दौरा भी इसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। उनके आगमन से आगरा और जैसलमेर जैसे पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अतिरिक्त पहचान मिलने की संभावना है।
स्थानीय पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों का मानना है कि इस तरह के हाई-प्रोफाइल दौरे भारत की पर्यटन छवि को और मजबूत करते हैं। यही कारण है कि आगरा में उनके आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है और लोग इस यात्रा को विशेष महत्व के साथ देख रहे हैं।