यूपी को मिलीं दो नई वंदे भारत ट्रेनें — 7 नवंबर को पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
लखनऊ से खजुराहो और सहारनपुर तक दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, जुड़ेंगे चार धार्मिक स्थल
लखनऊ से रिपोर्ट | विशेष संवाददाता। उत्तर प्रदेश को रेल संपर्क के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 नवंबर को वाराणसी से दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें से एक ट्रेन लखनऊ से सहारनपुर (वाया सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद) और दूसरी वाराणसी से खजुराहो के बीच चलाई जाएगी। इससे न केवल व्यापारिक वर्ग को लाभ मिलेगा बल्कि तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों की आवाजाही भी आसान होगी।
पहली ट्रेन — लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, ट्रेन संख्या 26503/26504 लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन दोनों ओर से चलेगी।
लखनऊ जंक्शन से प्रस्थान: सुबह 5:00 बजे
सहारनपुर आगमन: दोपहर 12:45 बजे
सहारनपुर से वापसी: दोपहर 3:00 बजे
लखनऊ वापसी: रात 11:00 बजे
यह ट्रेन सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और सहारनपुर जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ते हुए चलेगी। इससे व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, खासकर लखनऊ–मुरादाबाद के बीच अप-डाउन करने वालों को। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस मार्ग पर वंदे भारत शुरू होने से यात्रा का समय करीब तीन घंटे कम हो जाएगा। ट्रेन में अत्याधुनिक वातानुकूलित कोच, ऑनबोर्ड कैटरिंग सुविधा और वाईफाई कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं होंगी।
दूसरी ट्रेन — वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस
ट्रेन संख्या 26421/26422 वाराणसी–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस को रोजाना चलाया जाएगा।
वाराणसी से प्रस्थान: सुबह 5:25 बजे
खजुराहो आगमन: दोपहर 12:00 बजे के आसपास
खजुराहो से वापसी: दोपहर 3:20 बजे
यह ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, सतना और खजुराहो जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ेगी। रेलवे के अनुसार, यह रूट उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच तीर्थ और पर्यटन के लिए “धार्मिक सर्किट ट्रेन” के रूप में विकसित होगा।
चार धार्मिक स्थलों को जोड़ेगी नई वंदे भारत
इन दोनों ट्रेनों के शुरू होने से वाराणसी, चित्रकूट, झांसी और हरिद्वार-सहारनपुर क्षेत्र के धार्मिक स्थलों तक सीधा संपर्क संभव होगा। सरकार का लक्ष्य है कि वंदे भारत ट्रेनों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक सर्किट से जोड़ा जाए। जिससे स्थानीय पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिले।
रेल मंत्री का बयान
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में रेलवे का नया युग शुरू हो चुका है। यूपी को मिल रही दो नई वंदे भारत ट्रेनें विकास, सुविधा और संस्कृति—तीनों का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में यूपी से होकर गुजरने वाली वंदे भारत ट्रेनों की संख्या 10 से अधिक हो जाएगी।
उद्घाटन की भव्य तैयारियां
7 नवंबर को वाराणसी में होने वाले वंदे भारत उद्घाटन समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राज्य मंत्री और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। लखनऊ में भी रेलवे स्टेशन पर लाइव प्रसारण और विशेष सजावट की जाएगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दोनों ट्रेनों के लिए टिकट बुकिंग जल्द ही IRCTC पोर्टल पर शुरू हो जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा “प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को विकास की नई गति मिल रही है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों से प्रदेशवासियों को न केवल तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी। प्रकाश कुमार पांडेय