यूपी विधानसभा में सियासी घमासान, Yogi Adityanath ने किसे कहा नमूना?

उत्तर प्रदेश विधानसभा का आज का सत्र काफी हंगामेदार रहा। योगी आदित्यनाथ सरकार दोपहर 12.20 बजे सदन में अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके साथ ही आज विधानसभा में “वंदे मातरम्” पर करीब पांच घंटे की लंबी चर्चा भी प्रस्तावित है। बजट से पहले ही सदन में कोडीन कफ सिरप मामले को लेकर जमकर हंगामा देखने को मिला। कोडीन कफ सिरप को लेकर विपक्ष ने सरकार पर सवाल उठाए, जिसके बाद विपक्षी विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। हंगामे के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में कोडीन कफ सिरप से एक भी मौत नहीं हुई है। उन्होंने दावा किया कि कोडीन कफ सिरप का निर्माण प्रदेश में नहीं होता। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सपा सरकार के दौरान इस पूरे नेटवर्क के सरगनाओं को लाइसेंस दिए गए थे। उन्होंने कहा कि इस मामले में अब तक 225 लोगों को नामजद किया गया है और 78 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सीएम योगी ने दो टूक शब्दों में कहा कि कोडीन कफ सिरप मामले में कोई भी अपराधी नहीं बचेगा और समय आने पर बुलडोजर भी चलेगा। विपक्ष पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में दो ऐसे लोग हैं जो संकट के समय भाग जाते हैं—एक दिल्ली में बैठता है और दूसरा लखनऊ में। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष के “बबुआ” भी जल्द इंग्लैंड घूमने निकल जाएंगे।

Exit mobile version