सिंधिया को भेंट स्वरूप मिली ‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी’ – सांस्कृतिक गौरव और नवाचार का प्रतीक
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच हाल ही में एक महत्वपूर्ण मुलाकात हुई, जो न केवल राजनीतिक और विकासात्मक चर्चाओं के लिए महत्वपूर्ण रही, बल्कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए भी यादगार बन गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया को ‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी’ भेंट की। सिंधिया ने इस सौगात को “भारत की सांस्कृतिक विरासत और वैज्ञानिक नवाचार का अद्भुत संगम” बताया और सोशल मीडिया पर तस्वीरें व वीडियो साझा करते हुए हृदय से आभार प्रकट किया।
सोशल मीडिया पर भावनात्मक पोस्ट
अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लिखा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव जी की ओर से भेंट स्वरूप प्रदान की गई ‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी’ पाकर वे उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने लिखा है कि यह घड़ी हमारी सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक नवाचार का अद्भुत संगम है, जो भारतीय कालगणना और वैज्ञानिक परंपरा को नई पहचान देती है। उनकी इस पोस्ट को हजारों लोगों ने लाइक और शेयर किया, जिससे यह साफ हो गया कि वैदिक घड़ी की लोकप्रियता अब केवल राज्य तक सीमित नहीं रही है बल्कि सह अब राष्ट्रीय स्तर पर भी एक गंभीर चर्चा का विषय बन रही है।
वैदिक घड़ी का महत्व
‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी’ एक ऐसा उपकरण है जो भारत की प्राचीन कालगणना प्रणाली और आधुनिक डिजिटल टेक्नोलॉजी का संयोजन है। यह घड़ी सिर्फ समय नहीं बताती, बल्कि विक्रम संवत तिथि, नक्षत्र और ग्रह स्थिति, मुहूर्त, वैदिक याम, प्रहर, घटी-पल, जैसी जानकारियां भी उपलब्ध कराती है।
एक सांस्कृतिक संदेश
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा देश के शीर्ष नेताओं को यह वैदिक घड़ी भेंट करना इस बात का प्रतीक है कि मध्यप्रदेश न केवल औद्योगिक विकास की दिशा में अग्रसर है। बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को भी आधुनिक संदर्भ में पुनर्जीवित करने का कार्य कर रहा है। इस मुलाकात ने जहां एक ओर राजनीतिक समन्वय और सहयोग को मजबूती दी। वहीं दूसरी ओर ‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी’ के रूप में भारत की गौरवशाली परंपरा को सम्मान और पहचान भी दिलाई। यह पहल बताती है कि भारत का भविष्य आधुनिक तकनीक और प्राचीन ज्ञान की साझेदारी में ही सन्निहित है।





