Bhopal में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच अब और तेज हो गई है। भोपाल पुलिस कमिश्नर Sanjay Kumar ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई बड़े खुलासे किए हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि मामले की हर एंगल से जांच होगी और किसी भी आरोपी या मददगार को छोड़ा नहीं जाएगा। इस बीच मुख्य आरोपी समर्थ सिंह को देर रात भोपाल लाया गया है, जबकि ट्विशा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम एम्स भोपाल में कराने का फैसला लिया गया है।
एम्स भोपाल में होगा दूसरा पोस्टमार्टम, हर पहलू की होगी गहन जांच
पुलिस कमिश्नर ने जानकारी दी कि ट्विशा शर्मा की मौत को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब दूसरा पोस्टमार्टम All India Institute of Medical Sciences Bhopal में कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच को पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके। मामले से जुड़े सभी मेडिकल और फॉरेंसिक पहलुओं की दोबारा समीक्षा की जाएगी।
10 दिन फरार रहने के बाद भोपाल पहुंचा समर्थ सिंह, पुलिस मांगेगी 7 दिन की रिमांड
मुख्य आरोपी समर्थ सिंह को देर रात भोपाल लाया गया। पुलिस के मुताबिक वह जबलपुर में सरेंडर करने पहुंचा था, लेकिन कोर्ट ने आत्मसमर्पण की अनुमति नहीं दी। इसके बाद भोपाल पुलिस ने जबलपुर पुलिस की मदद से उसे हिरासत में लिया। अब आरोपी को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा और उससे पूछताछ के लिए सात दिन की पुलिस रिमांड मांगी जाएगी।
आरोपी को शरण देने वालों पर भी होगी कार्रवाई, सास से पूछताछ की तैयारी
भोपाल पुलिस ने साफ किया है कि फरारी के दौरान समर्थ सिंह जहां-जहां छिपा रहा, वहां उसे मदद देने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होगी। वहीं आरोपी सास और रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह से पूछताछ की तैयारी भी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि उन्हें तीन नोटिस भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक वह जांच में शामिल नहीं हुई हैं।
अग्रिम जमानत रद्द कराने कोर्ट पहुंची पुलिस, फोन कॉल रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में
पुलिस ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द कराने के लिए अदालत में आवेदन लगाया है। वहीं ट्विशा शर्मा की मौत के बाद किए गए 46 फोन कॉल्स को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि परिवार की शिकायतों के आधार पर कॉल रिकॉर्ड और संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है। जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी।
परिजनों के अभद्रता के आरोपों पर पुलिस का जवाब, CCTV जांच की बात कही
ट्विशा के परिवार ने पुलिस थाने में अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया था। इस पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि किसी भी परिजन के साथ बदसलूकी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि सभी थानों में CCTV कैमरे लगे हैं और जरूरत पड़ने पर फुटेज की जांच कराई जा सकती है। पुलिस का दावा है कि पूरी कार्रवाई कानून और प्रक्रिया के तहत की जा रही है।