आदिवासी गौरव दिवस: स्मृति से विरासत तक… आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को PM मोदी की श्रद्धांजलि
भारत के स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास जितना व्यापक है, उतना ही विविध और अनसुना भी. देश के अनेक कोनों से उठे आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने साहस, नेतृत्व और बलिदान से स्वतंत्रता के संघर्ष को नई दिशा दी, लेकिन दशकों तक उनकी कहानियाँ इतिहास के हाशिये पर ही पड़ी रहीं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह स्थिति बदली है. स्मारकों, संग्रहालयों, उत्सवों, पुस्तकों, डिजिटल माध्यमों और प्रत्यक्ष संवाद के ज़रिए इन नायकों की विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाई जा रही है.
- आदिवासी इतिहास का राष्ट्रीय सम्मान
- बिरसा मुंडा की अमर विरासत
- मोदी सरकार का विरासत मिशन
- संग्रहालयों से सजी जनजातीय स्मृति
- वीरों के परिजनों से सीधा संवाद
- प्रतिमाओं में दिखी आदिवासी पहचान
- कॉमिक्स से जगती नायकों की गाथा
- डिजिटल कहानियों में जीवंत संघर्ष
- स्मारक सिक्कों में दर्ज इतिहास
- हाशिये से केंद्र तक आदिवासी
राष्ट्रीय गौरव में शामिल हुआ आदिवासी इतिहास
प्रधानमंत्री मोदी ने आदिवासी नायकों की भूमिका को सम्मान देने के लिए “आदिवासी गौरव दिवस” की शुरुआत की, जिसे हर साल 15 नवंबर — भगवान बिरसा मुंडा की जयंती — पर मनाया जाता है. समय के साथ यह दिवस “आदिवासी गौरव सप्ताह” में विस्तारित हो चुका है, जिसमें देशभर के मंत्रालय, राज्य सरकारें और सांस्कृतिक संस्थाएँ कार्यक्रम, प्रदर्शनियाँ, संवाद और उत्सवों के माध्यम से आदिवासी इतिहास को जीवंत करती हैं. 2023 में रानी दुर्गावती की 500वीं जन्म शताब्दी समारोह ने आदिवासी महिलाओं के नेतृत्व और बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई. इसी तरह हूल दिवस पर उन्होंने सिद्धो-कान्हो, चांद-भैरव और फूलो-झानो के असाधारण विद्रोह को याद किया, जिसने ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती दी थी. राजस्थान के मानगढ़ धाम में प्रधानमंत्री मोदी ने गोविंद गुरु और अन्य आदिवासी संतों-सैनिकों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया. वहीं झारखंड के उलिहातु — यानी बिरसा मुंडा की जन्मस्थली — का प्रधानमंत्री द्वारा दौरा करना भी पहली ऐतिहासिक घटना थी.
परिवारों से सीधा संवाद— इतिहास का मानवीकरण
प्रधानमंत्री मोदी की पहल का एक अलग पहलू है— आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों से व्यक्तिगत संवाद. इससे इतिहास केवल दस्तावेज़ों और स्मारकों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जीवित परिवारों से जोड़कर इसे भावनात्मक और मानवीय आधार मिला। उन्होंने ओडिशा के पाइका विद्रोह के नायकों — बख्शी जगबंधु, रिंडो माझी, लक्ष्मी पांडा — के परिवारों को सम्मानित किया. झारखंड में उन्होंने बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू समेत कई आदिवासी नायकों के परिजनों से मुलाकात की. वहीं छत्तीसगढ़ में वीर नारायण सिंह के वंशजों के साथ प्रधानमंत्री की बातचीत ने यह संदेश दिया कि उनके पूर्वजों के बलिदान को राष्ट्र कभी नहीं भूलेगा.
स्मारक और संग्रहालय: स्मृति को विरासत में बदलने का प्रयास
2016 में 15 अगस्त के संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय योजना की घोषणा की थी. 10 राज्यों में 11 संग्रहालयों की स्थापना इसी पहल का परिणाम है, जिनमें से तीन पहले ही जनता को समर्पित किए जा चुके हैं:
भगवान बिरसा मुंडा स्मारक पार्क-सह-संग्रहालय (रांची)
बादल भोई जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय (छिंदवाड़ा)
आदिवासी राजा शंकर शाह के साथ कुंवर रघुनाथ शाह संग्रहालय (जबलपुर)
इसके साथ ही जबलपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती स्मारक और उद्यान, और मणिपुर की महान योद्धा रानी गाइदिन्ल्यू के नाम पर संग्रहालय का निर्माण भी जारी है. रायपुर में देश का पहला डिजिटल आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय, जिसका नाम शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर रखा गया है, युवाओं और छात्रों को इंटरैक्टिव तरीके से इतिहास से जोड़ता है.
प्रतिमाएं, स्टेशन और सार्वजनिक स्थल— हर जगह आदिवासी पहचान
प्रधानमंत्री मोदी ने यह सुनिश्चित किया है कि सार्वजनिक स्थान भी आदिवासी नायकों के सम्मान के
प्रतीक बनें। भोपाल का रानी कमलापति रेलवे स्टेशन अब गोंड राजवंश की महान रानी की पहचान को सहेजे हुए है. मध्य भारत में जननायक टंट्या भील स्टेशन और टंट्या मामा भील विश्वविद्यालय उनके अदम्य साहस की याद दिलाते हैं. आंध्र प्रदेश के भीमावरम में अल्लूरी सीताराम राजू की 30 फुट ऊँची प्रतिमा उनके नेतृत्व और बलिदान का प्रतीक है. झारखंड में रांची में बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया. इसके अतिरिक्त, देशभर में बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव उपवन स्थापित किए जा रहे हैं, जो समुदायों को अपनी विरासत से जोड़ने के लिए जीवंत स्थल बन चुके हैं.
पुस्तकों, कॉमिक्स और डिजिटल कहानियों के ज़रिये नई पीढ़ी तक पहुंचती विरासत
आदिवासी नायकों की कहानियों को बच्चों से लेकर युवाओं तक पहुँचाने के लिए सरकार ने कई रचनात्मक कदम उठाए।
आदि शौर्य ई-बुक — 150 वर्षों के आदिवासी प्रतिरोध का डिजिटल संकलन
भारत की प्रेरक आदिवासी विरासत (कॉफी-टेबल बुक) — आदिवासी कला, संस्कृति और संघर्ष की झलक
अमर चित्र कथा कॉमिक्स श्रृंखला — 20 आदिवासी नायकों के जीवन को रोचक और चित्रात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया
संस्कृति मंत्रालय ने तीसरी कॉमिक बुक भी जारी की है, जिसमें आदिवासी नायकों की कहानियाँ अत्यंत रोचक रूप में वर्णित हैं.
सिक्कों और डाक टिकटों में दर्ज विरासत
प्रधानमंत्री मोदी ने कई आदिवासी योद्धाओं की याद में स्मारक सिक्के और डाक टिकट जारी किए:
पाइका विद्रोह स्मारक सिक्का
बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती का स्मारक सिक्का
रानी गाइदिन्ल्यू के सम्मान में विशेष सिक्का
ये स्मारक वस्तुएँ देश की आधिकारिक और सांस्कृतिक स्मृति में इन नायकों की स्थायी उपस्थिति दर्ज कराती हैं
हाशिये से इतिहास के केंद्र तक
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को अब राष्ट्र की मुख्यधारा में वह सम्मान मिल रहा है, जिसके वे दशकों से हकदार थे.बिरसा मुंडा, अल्लूरी सीताराम राजू, सिद्धो-कान्हो, वीर नारायण सिंह, गोविंद गुरु, रानी गाइदिन्ल्यू जैसे अनेक आदिवासी नायक अब केवल इतिहास की पंक्तियाँ नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय पहचान और स्वाभिमान के प्रतीक बन चुके हैं. स्मृति को विरासत में बदलने की यह यात्रा केवल नायकों के सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि उन समुदायों, परिवारों और उस साहसिक प्रतिरोध का भी उत्सव है जिसने भारत की स्वतंत्रता की नींव रखी. यह नया भारत, अपने आदिवासी वीरों को याद भी रखता है और गर्व से उनका सम्मान भी करता है.