सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार मजबूत शुरुआत कर सकता है। शुरुआती संकेत गिफ्ट निफ्टी से ही सकारात्मक दिख रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की एकतरफा जीत ने राजनीतिक स्थिरता का संदेश दिया है, जिससे घरेलू निवेशकों का रुझान बेहतर हो सकता है। इसके अलावा खुदरा महंगाई में नरमी और कंपनियों के तिमाही नतीजों में सुधार भी मार्केट की धारणा को सपोर्ट कर रहे हैं। हालांकि, अमेरिकी बाजारों में टेक शेयरों पर दबाव और फेडरल रिजर्व की सख्त टिप्पणियों के चलते ग्लोबल माहौल मिश्रित बना हुआ है। ऐसे में शुरुआती कारोबार में हल्की उतार-चढ़ाव की स्थिति देखने को मिल सकती है।
गिफ्ट निफ्टी में बढ़त, राजनीतिक स्थिरता से सेंटीमेंट मजबूत
सुबह करीब 7:15 बजे गिफ्ट निफ्टी 45 अंक ऊपर 26,007 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। यह संकेत देता है कि घरेलू मार्केट हल्की बढ़त के साथ खुल सकता है। बिहार में एनडीए की जबरदस्त जीत से राजनीतिक स्थिरता का संदेश मिला है, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हो रहा है। खुदरा मुद्रास्फीति में कमी और घरेलू अर्थव्यवस्था के बेहतर संकेत भी शुरुआती तेजी को समर्थन दे सकते हैं।
ग्लोबल संकेत कमजोर, अमेरिकी टेक शेयरों में भारी दबाव
वैश्विक बाजारों की बात करें तो माहौल बहुत अधिक उत्साहजनक नहीं है। अमेरिकी टेक शेयरों पर बड़ी बिकवाली हुई है, जिससे नैस्डैक में गिरावट देखने को मिली। फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के कड़े बयान से ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता बढ़ी है, जो एशियाई बाजारों पर दबाव डाल सकती है। इसलिए भारतीय बाजार में शुरुआत भले ही हरी हो, लेकिन दिनभर हल्की अस्थिरता बनी रह सकती है।
कंपनियों के तिमाही नतीजों ने बढ़ाया उत्साह
कई भारतीय कंपनियों के तिमाही परिणामों ने बाजार में सकारात्मकता बढ़ाई है।
Max Healthcare का मुनाफा 74.3% उछलकर 491.3 करोड़ रुपये पहुंचा।
V2 Retail घाटे से उभरकर 17.23 करोड़ का मुनाफा लेकर आया।
Narayana Hrudayalaya का प्रॉफिट 29.6% चढ़कर 258.3 करोड़ हुआ।
GMR Power & Urban Infra का मुनाफा 248.2% बढ़कर 888.4 करोड़ रुपये पहुंचा।
इन मजबूत नतीजों से सेक्टर-वार खरीदारी बढ़ने की संभावना है।
मारुति रिकॉल और नई डील्स, इन शेयरों पर रहेगी नजर
ऑटो सेक्टर में आज हलचल देखने को मिल सकती है। मारुति सुजुकी ने ग्रैंड विटारा की कुछ यूनिट्स रिकॉल की हैं, जिससे स्टॉक में हल्की सुस्ती दिख सकती है। दूसरी ओर Websol Energy System ने अपनी सब्सिडियरी के जरिए आंध्र प्रदेश में 4 GW सोलर सेल और मॉड्यूल प्रोजेक्ट के लिए बड़ा समझौता किया है। यह अपडेट कंपनी के शेयर में उत्साह ला सकता है।
Ashoka Buildcon के कमजोर नतीजे शेयर पर दबाव बना सकते हैं।
नोट: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। liveindia.news अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।