लोकसभा चुनाव 2024: केजरीवाल के साथ क्या सियासी खिचड़ी पका रहीं हैं ममता बनर्जी

TMC chief Mamata Banerjee India alliance Delhi CM AAP convenor Arvind Kejriwal

लोकसभा चुनाव में एनडीए को मात देने के लिए बनाए गए विपक्षी इंडिया गठबंधन की गांठें धीरे धीरे खुलने लगी है। बिहार की सीएम नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जेडीयू इस गठबंधन से दूर होकर एनडीए का दामन थाम चुके हैं। वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी इंडिया गठबंधन से नाराज बताई जा रही हैं। टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और आम आदमी पार्टी के संयोजक दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बीच बढ़ती मेल मुलाकात किसी नए सियासी समीकरण की ओर इशारा कर रही है।

बता दें इंडिया गठबंधन की बैठकों में ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल मिलकर चलते रहे हैं। अब दोनों ही नेताओं और उनकी पार्टियों ने न केवल कांग्रेस बल्कि इंडिया गठबंधन से भी किनारा कर लिया है। इस बीच ममता बनर्जी 21 फरवरी को पंजाब के दौरे पर जाने वाली हैं। ममता का दौरा ऐसे समय हो रहा है जब लोकसभा चुनाव में कुछ दिन ही शेष बचे हैं। ऐसे में चर्चा है कि आम आदमी पार्टी के साथ टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी गठबंधन को लेकर कुछ बड़ा सोच रही हैं।

आंदोलन कर रहे किसानों के बीच भी जा सकती हैं ममता बनर्जी

दरअसल ममता बनर्जी पंजाब के दौरे पर जाने वाली हैं। 21 फरवरी को ममता बनर्जी अमृतसर पहुंचेंगी जहां वे दरबार साहिब नतमस्तक होंगी। इसके बाद वे दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान से मुलाकात करेंगी। लोकसभा चुनाव और पंजाब हरियाणा में किसान आंदोलन के बीच ममता बनर्जी के पंजाब दौरे को काफी अहम माना जा रहा है। ममता बनर्जी ने हाल ही में किसानों की मांगों का समर्थन किया था। इसके साथ ही शूंभ बॉर्डर पर किसानों को पीटने और उन पर आंसू गैस के गोले छोड़ने की निंदा भी की थी। ममता बनर्जी ने केंद्र की एनडीए सरकार पर जोरदार हमला किया था। माना जा रहा है कि 21 फरवरी तक अगर यह किसान आंदोलन जारी रहता है तो पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भी इस दिन किसानों के बीच भी जा सकती हैं। ऐसे में पंजाब की सियासत में नया उबाल आ सकता है।

Exit mobile version