यूपी में तीसरा रण…’यादव लैंड’ में अखिलेश की परीक्षा….! इस सीट पर दांव लगी यादव परिवार की साख

यूपी में तीसरा रण…’यादव लैंड’ में अखिलेश की परीक्षा….! इस सीट पर दांव लगी यादव परिवार की साख

उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण की दस लोकसभा सीटों पर मंगलवार की सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। यूपी में तीसरे चरण में करीब 100 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिनके भाग्य का फैसला आज होगा। यूपी लोकसभा की जिन दस सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें मैनपुरी, संभल, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, हाथरस, बदायूं, आंवला, एटा और बरेली सीट शामिल है। मुलायम परिवार के जो पांच सदस्य लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं उनमें से तीन सदस्यों के भाग्य का फैसला इसी तीसरे चरण में मत दाता करेंगे।

उत्तर प्रदेश की ये हैं 10 सीट और प्रत्याशी

चुनावी मैदान में यादव परिवार के तीन सदस्य

इस बार लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव के परिवार के तीन सदस्य अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिनमें उनकी बहू और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव मैनपुरी से चुनावी ताल ठोंक रहीं हैं। मैनपुरी में बीजेपी ने योगी सरकार में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को डिंपल यादव के मुकाबले मैदान में उतारा है। वहीं शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव बदायूं से मैदान में हैं तो वहीं फिरोजाबाद सीट से प्रोफेसर राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव सपा के प्रत्याशी हैं। मैनपुरी, फिरोजाबाद, एटा, संभल और बदायूं लोकसभा सीटों में यादव मतदाताओं का वर्चस्व है। यह सीटें यादव बाहुल्य हैं और हमेशा से ही सैफई परिवार के लिए समर्पित रही हैं। इसके साथ ही आंवला, संभल, आगरा, फतहपुरसीकरी सीट और फ़िरोजाबाद सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या निर्णायक भूमिका निभाती हैं। संभल में करीब 50 फीसदी तो बरेली सीट पर 33 फीसदी मुस्लिम मतदाता हैं। 2014 में हुए आम चुनावों में समाजवादी पार्टी यहां केवल 5 सीटों पर ही जीतने में कामयाबी हासिल कर सकी थी। मैनपुरी और आजमगढ़ से मुलायम सिंह यादव ने जीत दर्ज की थी तो कन्नौज से डिंपल यादव और फिरोजाबाद से रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव और बदायूं सीट से धर्मेंद्र यादव ने जीत दर्ज की थी। 2014 में स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट छोड़ दी थी। इसके बाद मैनपुरी में हुए लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के ही तेज प्रतापसिंहह यादव चुनाव जीतकर संसद तक पहुंचे थे।

 

 

 

Exit mobile version