कपिल शर्मा के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का मास्टरमाइंड कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि परिवार का भरोसेमंद कार चालक निकला है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर करीब 11 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद कर लिया है।
कपिल शर्मा के घर लाखों की चोरी
ड्राइवर ने ही रची साजिश
11 लाख का सामान बरामद
इंदौर से खरीदार भी गिरफ्तार
पुलिस ने चंद दिनों में सुलझाया केस
पूरा मामला मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम का है। जहां हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। शहर की पॉश रिवर व्यू कॉलोनी में रहने वाले 5 जुलाई को कपिल शर्मा अपने परिवार के साथ जयपुर गए हुए थे। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। घर से 9 लैपटॉप, कंप्यूटर सिस्टम, राडो घड़ी, एलईडी टीवी और अन्य कीमती सामान गायब था। मामले की जांच के दौरान पुलिस का शक परिवार के ड्राइवर वाजिद गुफरान सिद्दीकी पर गया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने कुछ सामान इंदौर निवासी आफताब खान को बेच दिया था, जबकि बाकी सामान अपने घर में छिपाकर रखा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 8 कंप्यूटर सिस्टम, 8 लैपटॉप, राडो घड़ी, एलईडी टीवी, आरओ सहित करीब 11 लाख रुपये का सामान बरामद कर लिया है।
इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कई बार सबसे बड़ा खतरा बाहर से नहीं, बल्कि भरोसे के दायरे के भीतर से आता है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इस वारदात में कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।