भोपाल में चमका ‘पंचायत’ का सितारा..चंदन रॉय बने IIMC के ‘एलुमनी ऑफ द ईयर’
कनेक्शन्स मीट में जुटा मीडिया जगत का कुनबा…अनुभवों की रोशनी में सजी शाम
भोपाल में आयोजित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) एलुमनी एसोसिएशन के मध्य प्रदेश चैप्टर के सालाना मिलन समारोह “कनेक्शन्स” ने इस बार यादगार रंग बिखेरे। इस खास मौके पर चर्चित वेब सीरीज पंचायत से पहचान बनाने वाले अभिनेता चंदन रॉय को “एलुमनी ऑफ द ईयर” अवॉर्ड से नवाजा गया।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से IIMC के पूर्व छात्र शामिल हुए, जहां पुराने रिश्तों को ताज़ा करने के साथ-साथ प्रोफेशनल अनुभवों का आदान-प्रदान भी हुआ। कभी पत्रकारिता से अपने करियर की शुरुआत करने वाले चंदन रॉय आज अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।
संघर्ष से सफलता तक की कहानी ने किया प्रेरित
चंदन रॉय ने अपने संबोधन में संघर्ष भरे दिनों को याद करते हुए कहा कि IIMC उनके जीवन की वह कड़ी रहा, जिसने उनके सपनों को दिशा दी। उन्होंने बताया कि संस्थान ने न सिर्फ उन्हें सोचने का नजरिया दिया, बल्कि अभिनय की राह पर आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी दिया।
पत्रकारिता की विरासत पर जोर
कार्यक्रम में पूर्व महानिदेशक प्रोफेसर संजय द्विवेदी ने कहा कि IIMC का योगदान भारतीय पत्रकारिता के इतिहास में मील का पत्थर है। वहीं अध्यक्ष आशीष जोशी की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में दीप्ति चौरसिया, अनिल सौमित्र, मानसी समाधिया, दिनेश कुमार, पीके मोहंती और सिद्धार्थ समल जैसे वरिष्ठ एलुमनी ने भी अपने विचार साझा किए।
संगठन की मजबूती का श्रेय
सभी वक्ताओं ने IIMCAA को एक सशक्त और सक्रिय मंच बनाने का श्रेय इसके सह-संस्थापक रीतेश वर्मा को दिया। साथ ही अंकित फ्रांसिस, कोमल बडोडेकर और अनंत सिंह जैसे सभी सक्रिय सदस्यों की ओर से इस आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई गई।
यादों और संकल्प के साथ समापन
कार्यक्रम के अंत में किस्सों और अनुभवों की रोचक चर्चाओं के बीच शाम का समापन हुआ। एलुमनी सदस्यों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाते रहने का संकल्प भी दोहराया। कुल मिलाकर, “कनेक्शन्स” सिर्फ एक मिलन समारोह नहीं, बल्कि प्रेरणा, नेटवर्किंग और उपलब्धियों का उत्सव बनकर उभरा।