भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने जोर पकड़ लिया है और इसका असर देश के विभिन्न हिस्सों में देखा जा रहा है। 24 जून 2025 को उत्तर, मध्य, पूर्व और पश्चिम भारत के कई राज्यों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ है। मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है।
उत्तर भारत
उत्तर प्रदेश में लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज सहित कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में भी बादल छाए हुए हैं और दोपहर बाद हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री दर्ज किया गया।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ भूस्खलन की आशंका जताई गई है। चारधाम यात्रा पर प्रशासन ने यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मध्य भारत
मध्यप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सागर और रीवा जिलों में तेज बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव हो गया है। स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग ने 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ में रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर और बस्तर में बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। किसानों के लिए यह बारिश फसल बुवाई हेतु अनुकूल मानी जा रही है।
पूर्वी भारत
बिहार में मानसून ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया में तेज बारिश हो रही है। 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी है। झारखंड के रांची, धनबाद और जमशेदपुर में मध्यम से भारी बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा और दक्षिणी जिलों में भी बारिश जारी है। उत्तरी जिलों में आंधी और बिजली गिरने की आशंका है।
दक्षिण भारत
केरल – मॉनसून सक्रिय, तटीय क्षेत्रों में भारी वर्षा की चेतावनी
कर्नाटक: – बेंगलुरु में हल्की बारिश, तटीय जिलों में तेज वर्षा
आंध्र प्रदेश और तेलंगाना – हल्की से मध्यम बारिश, तापमान सामान्य
तमिलनाडु– चेन्नई में उमस, दक्षिणी जिलों में हल्की फुहारें
पूर्वोत्तर भारत
असम, मेघालय, और त्रिपुरा में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। प्रशासन ने आपात सेवाओं को अलर्ट पर रखा है। देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी ताकत के साथ सक्रिय है। जहां किसानों के लिए यह राहत लेकर आया है। वहीं दूसरी ओर जनजीवन पर भी इसका व्यापक प्रभाव पड़ा है। मौसम विभाग की ओर से सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। …(प्रकाश कुमार पांडेय)