14 नवंबर को फिर लौटेगी NDA सरकार, ढाका में घुसपैठियों के आका को भी ठिकाने लगाएंगे: सीएम योगी

योगी ने किया विपक्ष पर तीखा प्रहार..बिहार में विकास के साथ विरासत का सम्मान

14 नवंबर को फिर लौटेगी एनडीए सरकार, ढाका में घुसपैठियों के आका को भी ठिकाने लगाएंगे: सीएम योगी

ढाका विधानसभा में जनसभा कर विपक्ष पर बरसे यूपी के मुख्यमंत्री, बोले- बिहार अब विकास चुन रहा है, अराजकता नहीं

बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के अंतिम दौर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को ढाका विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी पवन जायसवाल के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “14 नवंबर को एनडीए की सरकार बनना तय है। पहले चरण के मतदान ने बता दिया है कि बिहार ने जातिवाद और अराजकता नहीं, बल्कि विकास को वोट दिया है। योगी ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी ने मिलकर बिहार की गौरवशाली परंपरा को कलंकित किया है। इन दलों ने जातिवाद, परिवारवाद और अपराध को बढ़ावा दिया, जिससे बिहार की तरक्की रुक गई। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि इस बार भ्रम फैलाने वालों के झांसे में न आएं, क्योंकि बिहार अब “विकास और एनडीए की सरकार” चुन चुका है।

योगी ने किया विपक्ष पर तीखा प्रहार

मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “कांग्रेस और आरजेडी ने बिहार को जातीय आधार पर बांटने का काम किया। इनकी नीतियों ने नौजवानों को बेरोजगारी और पहचान के संकट में धकेला। इनकी वजह से सीमावर्ती जिलों में घुसपैठ बढ़ी। लेकिन अब एनडीए की सरकार ऐसी हर साजिश को नाकाम करेगी। ढाका में घुसपैठियों के आकाओं को भी ठिकाने लगाया जाएगा।” योगी ने कहा कि बिहार की जनता अब समझ चुकी है कि जो लोग घुसपैठियों को वोट बैंक बनाकर सत्ता में आते हैं, वे देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करते हैं। “बिहार अब घुसपैठ और अपराध की राजनीति को नहीं, विकास और राष्ट्रवाद को वोट दे रहा है,” उन्होंने कहा।

“रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे… और हमने करके दिखाया”

सीएम योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों ने हमेशा हिंदू आस्था का अपमान किया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने कोर्ट में झूठ बोला कि राम जन्मभूमि पर कोई मंदिर नहीं था, जबकि सपा सरकार ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं। हमने तब भी कहा था ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ — और आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन गया।”
योगी ने कहा कि अब सीतामढ़ी में माता जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। “यह विरासत और विश्वास की राजनीति है, जो केवल एनडीए ही निभा सकता है,” उन्होंने जोड़ा।

बिहार में विकास के साथ विरासत का सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “आज बिहार में सड़क, बिजली, पानी, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज जैसी सुविधाएं तेजी से बढ़ी हैं। यह वही बिहार है जिसे कभी जंगलराज कहा जाता था, लेकिन अब यहां विकास की गूंज है।”योगी ने कहा कि एनडीए की सरकार ने “विकास और विरासत” दोनों का सम्मान किया है। “हमारी सरकार ने गरीबों के लिए काम किया, किसानों को सहारा दिया और युवाओं को अवसर दिए। वहीं, आरजेडी-कांग्रेस की सरकारों में केवल भ्रष्टाचार, अपराध और भाई-भतीजावाद फलता-फूलता रहा।”

गरीब कल्याण योजनाओं की सराहना
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि “डबल इंजन की सरकार ने हर घर तक सुविधा पहुंचाई है।
80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन,
50 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा (आयुष्मान भारत),
10 करोड़ परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन,
4 करोड़ परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान मिले हैं। उन्होंने कहा कि “यह वही सरकार है जो जनता के सपनों को साकार कर रही है। यहां विकास, विरासत और गरीब कल्याण — तीनों एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।”

“खानदानी माफिया फिर सक्रिय, जनता देगी जवाब”

सीएम योगी ने जनता को चेताते हुए कहा कि बिहार को फिर से लूटने के लिए “खानदानी माफिया” सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने कहा, “जो लोग कभी लालटेन जलाकर बिहार को अंधेरे में छोड़ गए थे, वे आज फिर सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं। लेकिन जनता उन्हें इस बार करारा जवाब देगी। उन्होंने लोगों से कहा कि “बंटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे।” बिहार की जनता अब यह समझ चुकी है कि एकता और स्थिर सरकार ही विकास की गारंटी है।

एनडीए की सरकार से बढ़ेगा बिहार का स्वर्णिम युग
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का “स्वर्णिम युग” शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा, “आज जो परिवर्तन बिहार में दिख रहा है, वह एनडीए की नीतियों का परिणाम है। बिहार को अब कोई पीछे नहीं धकेल सकता। उन्होंने अपील की “ढाका के विकास और स्वर्णिम बिहार के लिए पवन जायसवाल को भारी बहुमत से विजयी बनाइए। यह सिर्फ एक चुनाव नहीं, बल्कि विकास और विरासत की रक्षा की लड़ाई है।

14 नवंबर को तय परिणाम: “फिर एक बार एनडीए सरकार”

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताते हुए कहा, “कल के मतदान ने साफ कर दिया है कि 14 नवंबर को बिहार में फिर एक बार एनडीए सरकार बनने जा रही है। जनता ने जातिवाद और अराजकता की राजनीति को नकार दिया है। अब बिहार में विकास की यात्रा को कोई नहीं रोक सकता।” योगी ने कहा कि बिहार की जनता प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा कर चुकी है। उन्होंने कहा, “बिहार का हर वोट अब राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन के लिए है। यह नया बिहार है, जो अब अपनी दिशा खुद तय कर रहा है। ढाका में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में जोश, जनसैलाब और नारों की गूंज साफ संकेत दे रही थी कि बिहार का माहौल एनडीए के पक्ष में है। योगी ने अपने भाषण में जहां विपक्ष पर करारा प्रहार किया, वहीं जनता से विकास और एकता के लिए वोट देने की अपील की। अब सबकी निगाहें 14 नवंबर पर टिकी हैं — जब तय होगा कि क्या वाकई “फिर एक बार एनडीए सरकार” लौटेगी। प्रकाश कुमार पांडेय

Exit mobile version